सूर्या ने दिखाया तेज : बोले- देश के सबसे बड़े घोटालों में से एक है छत्तीसगढ़ का पीएससी घोटाला

स्वप्निल गौरखेड़े-रायपुर। छत्तीसगढ़ में PSC घोटाले का आरोप लगाते हुए आज भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा यानी भाजयुमो ने सीएम हाउस घेराव का आह्वान किया है। इस प्रदर्शन में शामिल होने भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरू के सांसद तेजस्वी सूर्या भी आज सुबह रायपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से चर्चा की। तेजस्वी सूर्या ने कहा कि, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता यहां पर प्रदेश सरकार की जनविरोधी कार्यों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन आंदोलन कर रहे हैं। आज भी पीएससी परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर सीएम हाउस का घेराव करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि, देश के सबसे बड़े घोटालों में से एक पीएससी घोटाला है। इस घोटाले से छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है।
CBI जांच की मांग करेंगे
श्री सूर्या ने कहा कि, हम इस घोटाले की सीबीआई जांच की मांग करेंगे। पिछली बार जब मैं आया था तभी मैंने महसूस किया था कि, प्रदेश में एंटी इनकंबेंसी का वेब है। सभी वर्ग सरकार से नाराज हैं। उनहोंने दावा किया कि, आगामी विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत से भाजपा यहां पर सरकार बनाएगी।
युवाओं को हमेशा मौका देती है भाजपा
युवा चेहरों को मौका दिए जाने के बारे में श्री सूर्या ने कहा कि, यह भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। मगर भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा नव युवकों को आगे बढ़ाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटका हर चुनाव में पार्टी हाईकमान ने युवाओं को मौका दिया है। यहां भी ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मौका दिया जाएगा, ऐसी उम्मीद है।
प्रदेश भाजपाध्यक्ष ने युवाओं से की अपील
वहीं प्रदेश भाजपाध्यक्ष अरुण साव ने आज युवाओं से घेराव में शामिल होने का आव्हान किया है। श्री साव ने कहा है कि, ये लड़ाई वोट और सत्ता के लिए नहीं है। ये लड़ाई है युवाओं के भविष्य के लिए। ये लड़ाई है छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान की, युवाओं के मान-सम्मान की। भूपेश सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया है। मैं इस प्रदर्शन में शामिल हो रहा हूं... आप सभी युवाओं के भविष्य को बचाने अपना योगदान दें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS