कांग्रेस में भाजपा पर साधा निशाना, कहा- ईडी के सहारे भाजपा

कांग्रेस में भाजपा पर साधा निशाना, कहा- ईडी के सहारे भाजपा
X
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, छत्तीसगढ़ में राजनैतिक रूप से रसातल में पहुंच चुकी भाजपा सोच रही है कि ईडी की कार्रवाई करवा कर वह कांग्रेस सरकार का मुकाबला कर लेगी, तो वह मुगालते में है। भाजपा ऐसा कर राज्य सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है, लेकिन जनता समझ चुकी है कि ईडी की कार्रवाई भाजपा के राजनैतिक प्रतिशोध का हिस्सा है।

हरिभूमी रायपुर समाचार: प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, छत्तीसगढ़ में राजनैतिक रूप से रसातल में पहुंच चुकी भाजपा सोच रही है कि ईडी की कार्रवाई करवा कर वह कांग्रेस सरकार का मुकाबला कर लेगी, तो वह मुगालते में है। भाजपा ऐसा कर राज्य सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है, लेकिन जनता समझ चुकी है कि ईडी की कार्रवाई भाजपा के राजनैतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। भाजपा, भूपेश सरकार की योजनाओं का राजनैतिक रूप से मुकाबला नही कर पा रही है, इसलिये मुख्यमंत्री की छवि खराब करने केन्द्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। ईडी की कार्रवाई पर भाजपा ज्यादा मत उछले, वह बूथों पर वोट नहीं दिलायेगी।

उन्होंने कहा, ईडी की कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार प्रदेश के किसानों को धान की सबसे ज्यादा कीमत दे रही है, जो देश के अन्य राज्यों के किसानों को नहीं मिल रहा है। शासकीय कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम दे रही है। छत्तीसगढ़ नई ऊंचाइयों को छू रहा है और हसदेव अरण्य में आदिवासियों द्वारा जो कोल खनन का आवंटन का विरोध किया जा रहा है, उसके साथ राज्य सरकार खड़ी हुई है और निरंतर केंद्र सरकार से उस आवंटित कोल ब्लाक को रद्द करने की मांग कर रही है। मोदी सरकार अपने कोल खनन मित्र को फायदा पहुंचाने के लिए और पूंजीपति मित्रों को लाभान्वित करने के लिए किसान हितैषी छत्तीसगढ़ हितैषी भूपेश बघेल सरकार के प्रति राजनीतिक दुर्भावना के चलते झूठे एवं मनगढ़ंत प्रकरण बनाकर ईडी की कार्रवाई करवा रही है।

केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग

श्री शुक्ला ने कहा, भाजपा की केंद्र सरकार ने देशभर में अपने मुखर विरोधी राज्य सरकारों के खिलाफ ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग किया है। विरोधी दलों की सरकारों को प्रताड़ित करने का काम किया है। पं. बंगाल में तृणमूल की ममता बेनर्जी, झारखंड हेमंत सोरेन सरकार, दिल्ली के केजरीवाल के उप मुख्यमंत्री सिसोदिया, पंजाब की पूर्व कांग्रेस की चन्नी सरकार जैसे अनेकों उदाहरण जहां पर भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से भय और आतंक फैलाने का प्रयास किया है। छत्तीसगढ़ में की गयी कार्रवाई भी भाजपा के उन्हीं षड़यंत्रों का हिस्सा है।

Tags

Next Story