बृजमोहन की दावत में टीम भोजपुरी दबंग: मनोज तिवारी ने छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने का किया दावा, निरहुआ बोले हर युग में राम और रावण

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेले जा रहे सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग में शामिल होने भोजपुरी दबंग के कलाकार रायपुर पहुंचे हैं। इनमें दिनेश लाल यादव निरहुआ और मनोज तिवारी वो नाम हैं जो राजनीति से भी जुड़े हुए हैं। बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने भोजपुरी दबंग के स्टार प्लेयर्स की मेहमानबाजी के लिए आज अपने निवास लंच का कार्यक्रम रखा था। सांसद मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव निरहुआ अपनी पूरी टीम के साथ वहां पहुंचे। कलाकारों का स्वागत छत्तीसगढ़ सिनेमा के जाने-माने कलाकारों और फिल्म मेकर्स ने भी किया। मेहमान टीम ने सांसद सुनील सोनी ने साथ भोजन किया।
जनता ने मिस किया भाजपा का कार्यकाल
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने जनता से जो वादे किए थे पूरे नहीं किए। प्रदेश के लोगों को प्रधानमंत्री आवास नहीं मिल पा रहा, इसकी जिम्मेदार कांग्रेस है। कांग्रेसी सोचते हैं कि कुछ ऐसा काम ना हो जाए जिससे प्रधानमंत्री मोदी का नाम हो। ऐसी सोच रखने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। मनोज तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ पहले जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा था वो रफ्तार धीमी पड़ चुकी है। पिछले कुछ सालों में प्रदेश की जनता ने भाजपा के कार्यकाल को मिस किया है। यही वजह है कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार एक बार फिर से प्रदेश में बनेगी।
सब पर भारी भैया मनोज तिवारी
देश में धार्मिक मामलों पर उपजे विवादों को लेकर दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि हर युग में राम और रावण रहेंगे। यदुकुल में कृष्ण भी थे। और कंस भी तो हर युग में धर्म का साथ देने वाले और अधर्म की बात करने वाले भी रहेंगे। भोजपुरी दबंग का मैच पंजाब दे शेर टीम से होने जा रहा है। इसे लेकर बातचीत करते हुए सांसद और भोजपुरी दबंग के स्टार प्लेयर दिनेश लाल यादव निरहुआ ने गुनगुनाते हुए कहा कि सब पर भारी भैया मनोज तिवारी। उन्होंने कहा कि टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और पंजाब का सामना करेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS