नवकार ज्वेलर्स में चोरी करने वाला गिरोह झारखंड का निकला, दो गिरफ्तार, पांच फरार

नवकार ज्वेलर्स में चोरी करने वाला गिरोह झारखंड का निकला, दो गिरफ्तार, पांच फरार
X
राजधानी में गुढ़ियारी के शुक्रवारी बाजार स्थित नवकार ज्वेलर्स शोरूम से फिल्मी अंदाज में एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व एक लाख 61 हजार रुपए नकद चोरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। झारखंड के गिरोह ने शोरूम में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के मास्टर माइंड समेत पांच सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। उनके पास से लाखों रुपए के चांदी के जेवरात और स्कार्पियो वाहन बरामद किया गया है।

रायपुर. राजधानी में गुढ़ियारी के शुक्रवारी बाजार स्थित नवकार ज्वेलर्स शोरूम से फिल्मी अंदाज में एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व एक लाख 61 हजार रुपए नकद चोरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। झारखंड के गिरोह ने शोरूम में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के मास्टर माइंड समेत पांच सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। उनके पास से लाखों रुपए के चांदी के जेवरात और स्कार्पियो वाहन बरामद किया गया है।

रायपुर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपियों को झारखंड के सिमडेगा जिले के बांसजोर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पुलिस रायपुर आ रही है। पुलिस के मुताबिक मोफिजुल शेख निवासी उत्तर पलासगाढ़ी गुट्टीटोला थाना राधानगर जिला साहेबगंज झारखंड और मोजिबुर शेख निवासी हाजी जमशेद टोला थाना राजमहल जिला साहेबगंज झारखंड को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 38 किग्रा चांदी के जेवरात, जिसमें 12 किग्रा की चांदी ईंट शामिल है और स्कार्पियो वाहन बरामद किया गया है।

झारखंड पुलिस ने भेजा था जेल

जानकारी के मुताबिक गिरोह सरायपाली के रास्ते झारखंड जा रहा था। रास्ते में ओडिशा और झारखंड सीमा पर झारखंड के बांसजोर थाना इलाके के महुआ टोली में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को देख स्कॉर्पियो कार सवार कुछ लोग उतरकर भाग निकले थे। इसमें दो लोगों को दौड़ाकर पकड़ा गया था। तलाशी में बैग में भरकर रखी 38 किग्रा चांदी बरामद की गई। मोफिजुल शेख गुहीटोला और मोजिबुर शेख कर्बला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। रायपुर पुलिस दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर ला रही है।

पुलिस ने पकड़ा तो ऐसे बचे शातिर

पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर की सुबह गिरोह जब नवकार ज्वेलर्स शोरूम में चोरी कर जेवरात लेकर निकला, उस समय पुलिस पेट्रोलिंग ने उन्हें पकड़ लिया था, लेकिन जलाराम दुकान के किराएदार होने का हवाला लेकर गिरोह बच गया था। हालांकि पुलिस जवानों ने सभी आराेपियों की मोबाइल से फोटो खींच ली थी, जिससे गिरोह काे चिन्हित करने में आसानी हुई।

29 सितंबर को आए थे रायपुर

पुलिस के मुताबिक झारखंड का गिरोह 29 सितंबर को रायपुर दो टुकड़ी में पहुंचा था। पांच आरोपी ट्रेन और दो स्कार्पियो से रायपुर पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन स्थित दो होटलों में ठहरे। गिरोह ने रायपुर घूमने के लिए स्कार्पियो का उपयोग नहीं किया था। 29 सितंबर से 3 अक्टूबर तक गिराेह के मास्टर माइंड समेत सभी सदस्य ऑटो रिक्शा से घूमते रहे। गिरोह ने दो दिन तक नवकार ज्वलेर्स शोरूम की रेकी की थी। तीसरे दिन दुकान किराए पर लेकर चोरी की वारदात की थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य नवकार ज्वेलर्स में चोरी करने के बाद ऑटो रिक्शा से स्टेशन रोड स्थित होटल पहुंचे। वहां से स्कार्पियो से मंदिर हसौद से सरायपाली होते हुए झारखंड फरार हुए थे।

क्या है मामला

गौरतलब है, गुढ़ियारी निवासी शांतिलाल जैन की शुक्रवारी बाजार स्थित नवकार ज्वेलर्स शोरूम में शनिवार रात पांच नकाबपोश चोरों ने डेढ़ किग्रा सोना, एक किग्रा चांदी और एक लाख 61 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए थे। चोरों ने शोरूम से सटी दुकान किराए पर ली और फर्नीचर मरम्मत का हवाला देकर दुकान मालिक से चाबी ले ली। इसके बाद शनिवार रात शोरूम के तीसरे माले पर लगे लोहे के दरवाजे काे गैस कटर से काटकर भीतर घुसे थे और शोरूम की तिजोरी काटकर सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए थे।

दो आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के गिरोह ने नवकार ज्वेलर्स में चोरी की थी। दो आरोपियों काे पकड़ा गया है। उनके पास से चोरी के जेवरात जब्त किए गए हैं। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

- प्रशांत अग्रवाल, एसपी, रायपुर

Tags

Next Story