महिला बोलती थी चोर-लड़कीबाज : महिला के आरोपों से नाराज युवक ने घर में घुसकर राड से पीट-पीट कर मार डाला

महिला बोलती थी चोर-लड़कीबाज : महिला के आरोपों से नाराज युवक ने घर में घुसकर राड से पीट-पीट कर मार डाला
X
एक युवक ने पड़ोसी के घर में घुसकर एक महिला को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। क्यों महिला को मार डाला युवक ने... पढ़िए पूरी खबर...

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक युवक ने पड़ोसी के घर में घुसकर एक महिला को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मामले में पुलिस ने हत्यारे युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका का नाम राम प्यारी सिन्हा (50) बताया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। मामला बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम सिंवार का है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिंवार निवासी राम प्यारी सिन्हा गुरुवार को घर में अकेली थी। इसी दौरान उसी गांव का रहने वाला मनोज साहू (26) उनके घर में घुसा और लोहे की रॉड से राम प्यारी के सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद युवक मौके से भाग गया। वहीं आसपास के लोगों ने मनोज को घर से भागते देखा तो मौके पर पहुंचे और लहूलुहान राम प्यारी को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। साथ ही लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं बेरला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि आरोपी मनोज गांव से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, तभी शुक्रवार को मनोज के बाइक से रायपुर-दुर्ग की ओर भागने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस ने चेकपोस्ट पर अलर्ट किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को ग्राम सोंढ के पास से पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि राम प्यारी के घर वाले उसके घर के सामने रहते हैं। पिछले कुछ समय से वाद-विवाद चल रहा है। आरोपी को महिला के घर वालों ने पहले लड़की के नाम पर बदनाम किया, फिर चोरी का भी झूठा आरोप लगाया। पुलिस में शिकायत भी की। इसी वजह से वह नाराज था और गुस्से में गुरुवार को अकेला पाकर महिला पर हमला कर दिया।

Tags

Next Story