युवक ने दी जान : ना किसी से झगड़ा ना कोई परेशानी... फिर क्यों दे दी जान... रहस्य बरकरार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम उमरेल में एक युवक ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी ने फांसी के फंदे पर लटकी हुई पति की लाश देखी, तो शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। तब लोगों ने पुलिस को घटना की सारी जानकारी दी। यह मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, संजय कुमार (30 वर्ष) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ उमरेली गांव में रहता था। संजय जांजगीर-चांपा जिले के प्रकाश स्पंज आयरन लिमिटेड में काम करता था। नाइट ड्यूटी से लौटने के कुछ समय बाद ही उसने घर पर फांसी लगा ली। जब उसने फांसी लगाई, तब उसकी पत्नी स्नान के लिए गई हुई थी। मृतक के पिता कार्तिक राम ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे ने आत्महत्या क्यों की। वहीं पत्नी ने बताया कि हमारे बीच कोई विवाद भी नहीं हुआ तो पता नहीं क्यों उन्होंने आत्महत्या कर ली ।

घर पर भी नहीं थी कोई परेशानी
पिता कार्तिक राम ने बताया कि परिवार में भी कोई परेशानी नहीं थी, ऐसे में बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठाया ये बता पाना बहुत मुश्किल है। उन्होंने आगे कहा कि वो और उसकी पत्नी चांपा में रहते हैं। बेटे-बहू बच्चों के साथ उमरेली गांव में रहते हैं। संजय घर का इकलौता कमाऊ बेटा था। उसकी 3 साल की बेटी और एक साल का बेटा है। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कोरबा जिला अस्पताल भिजवा दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS