हर ताल पर तालियों की गड़गड़ाहट, प्रख्यात तबला गुरू पं. शुभ महाराज पहुँचे खैरागढ़

खैरागढ़। इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के अवनद्ध वाद्य विभाग, संगीत संकाय द्वारा 'पारंपरिक तबला वादन का महत्व' विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों, शोधार्थियों को तबला वादन में परंपरा का महत्त्व, परंपरागत रचनाओं एवं शैलियों से अवगत कराना था। विद्यार्थीगण तबला विद्वान बनारस घराने के कलाकार पं० शुभ महाराज से इस कार्यशाला में लाभान्वित हुए। पं० शुभ महाराज बनारस घराने के प्रतिष्ठित एक ऐसे प्रतिनिधि कलाकार हैं जो अपने गुरु तबला सम्राट पद्मविभूषण पं० किशन महाराज से प्राप्त विरासत को सँजोने, संभालने एवं तबला वादन के प्रचार-प्रसार के लिए महान कार्य कर रहे हैं। प्रो० पार्थ चक्रवर्ती (विभागाध्यक्ष अवनद्ध वाद्य) एवं डॉ० हरिओम हरि (असिस्टेंट प्रोफेसर, अवनद्ध वाद्य विभाग) के संयोजन में इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय कार्यशाला विश्वविद्यालय के नवीन प्रेक्षागृह, परिसर क्र०.2 में दिनांक 27 व 28 मार्च 2022 को आयोजित किया गया।
दिनांक 27 मार्च 2022 को शाम 6 बजे अवनद्ध वाद्य विभाग द्वारा आयोजित 'ताल रंग' सांगीतिक कार्यक्रम खैरागढ़ के सुधी श्रोतागण एवं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री मोक्षदा (ममता) चंद्राकर, कुलपति इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ की गरिमामयी उपस्थिति में सुविख्यात तबला वादक पं० शुभ महाराज का एकल तबला वादन हुआ। इनके साथ हारमोनियम पर लहरा संगति अवनद्ध वाद्य विभाग के संगतकार विजय बहादुर सिंह बघेल ने किया।
पं० शुभ महाराज के तबला वादन से विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षकगण समेत सभी उपस्थितजन आनंदित हुए। पं० शुभ महाराज की तबले पर हर ताल के बाद तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। तबले पर नाचती पं० शुभ महाराज की ऊँगलियों ने साबित किया, कि वे तबला के सिर्फ वादक और गुरु ही नहीं बल्कि वे जादूगर भी हैं। पं० शुभ महाराज ने यहां अविस्मरणीय प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कुलपति पद्मश्री ममता चंद्राकर ने पं० शुभ महाराज के प्रति शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। कुलसचिव प्रो० डाॅ० आईडी तिवारी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के सुविख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रेम चंद्राकर, अधिष्ठाता गण, सभी प्रोफेसर, शिक्षक गण समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान पं० शुभ महाराज ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डा. हरिओम के साथ विस्तृत बातचीत की। इस बातचीत में उन्होंने तबले को लेकर देश-दुनिया में बनारस घराने की भूमिका और योगदान पर अपने विचार रखे। उन्होंने सिनेमा में तबले के प्रयोग पर भी अपनी बातें रखीं, साथ ही तबला वादन के प्राचीन और नए प्रयोगों पर विचार व्यक्त किए। कार्यशाला के दौरान पं० शुभ महाराज ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को तबला वादन के गुर सिखाए।
Tags
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS