दो सब इंजीनियर्स के घर चोरों का धावा : निगम क्वार्टर में घुसकर 15 लाख कैश और गहने कर दिए पार, चोर सीसीटीवी में कैद...

दो सब इंजीनियर्स के घर चोरों का धावा : निगम क्वार्टर में घुसकर 15 लाख कैश और गहने कर दिए पार, चोर सीसीटीवी में कैद...
X
नगर निगम में पदस्थ दो सब इंजीनियरों के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली है। कहा का है मामला पढ़िए पूरी खबर...

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई नगर निगम में पदस्थ दो सब इंजीनियरों के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली है। इसकी ​शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध दर्ज कर जांच में जुट गई है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है कि, 77 एमएलजी फिल्टर प्लांट में पदस्थ नगर इंजीनियर सन्नी जांभुकर निगम के स्टाफ क्वार्टर में रहता था। उसने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके घर में उनकी पत्नी रीमा जांभुलकर और लड़का रहते हैं। 24 फरवरी की सुबह 9.30 बजे वे घर में ताला लगाकर अपने घर चरोदा गए थे। अगले दिन शाम 6 बजे जब वो वापस भिलाई आए तो देखा कि घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए थे। सामने के दरवाजा का कुंडा टूटा हुआ था। उसने वहां आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे दो सोने के कंगन, एक सोने का कड़ा, एक सोने का हार, एक सोने का नेकलेस, एक सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगुठी, दो सोने की चेन, 5 जोड़ी सोने का नथ और नगदी रकम सहित 10 लाख से अधिक की चोरी कर ले गए।

शादी में गया था परिवार

वहीं, 77 एमएलजी फिल्टर प्लांट नगर निगम स्टाफ क्वार्टर में रहने वाले इंजीनियर रेवती रमन शर्मा ने भी अपने घर में बड़ी चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि वो नगर पालिका कुम्हारी में उप अभियंता के पद पर पदस्थ है। 18 फरवरी की सुबह 10.30 बजे वो अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर अपने गृहग्राम कवर्धा बहन की शादी में गए थे। 25 फरवरी की शाम 6.17 बजे घर में काम करने वाली बाई ने फोन कर बताया कि घर के सामने का ताला टूटा हुआ है। वे घर लौटे तो देखा कि सामने के दरवाजा का ताला टूटा हुआ था। आलमारी का लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था। बिस्तर के नीचे छिपा करके रखे 15 लाख रुपए नगद गायब थे।

चोरी की तलाश कर रही पुलिस

चोरी की वारदात के बाद सुपेला पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बारीकी से जांच की गई। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। उसमें एक आरोपी का फुटेज कैमरे में कैद हो गया है। हुलिए के आधार पर पुलिस उसकी पतासाजी कर रही है।

Tags

Next Story