कल BJP का बिग शो : राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के स्वागत की भव्य तैयारियां, 51 हजार कार्यकर्ता आमंत्रित, छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप होगा स्वागत...

रायपुर। भाजपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जेपी नड्डा कल छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रवास पर होंगे। उनके स्वागत के लिए भाजपा काफी तैयारियां कर रही है। कार्यक्रम की तैयारियों का अवलोकन करने के लिए आज पार्टी के तमाम दिग्गज साइंस कालेज मैदान पहुंचे। यहां प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा आने वाले चुनाव की तैयारियों पर रोशनी डालेंगे। सभा के बाद जेपी नड्डा एकात्म परिसर में कोर ग्रुप और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि, यह 22 सालों का सबसे बड़ा सम्मेलन होने जा रहा है।
कार्यक्रम सथल का अवलोकन करने के बाद प्रदेश भाजपाध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि सभा में 51 हजार कार्यकर्ता आमंत्रित किए गए हैं। श्री साव ने कहा कि, कल का कार्यकर्ता सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि, आने वाले चुनाव की तैयारियों का कल से आह्वान होगा। हमारे कार्यकर्ता कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेकेंगे। विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रशासनिक अफसरों के साथ श्री नड्डा के काफिले की मूवमेंट को लेकर ट्रैफिक DSP सतीश ठाकुर से चर्चा की। तेलीबांधा थाने से लेकर गौरव पथ, जेल रोड परिसर तक जेपी नड्डा का रोड शो होगा।
पूरी सड़क भाजपामय बनाने की तैयारी
करीब 4 किलोमीटर के रोड पैच को पूरी तरह से भाजपामय बनाने की तैयारी चल रही है। बृजमोहन अग्रवाल का कहना है कि, 9 सिंतबर को जेपी नड्डा भाजपा में जोश भरने के लिए आ रहे हैं। उनका हम सब लोगों से संपर्क और सबंध है क्योंकि वो हमारे प्रभारी रहे हैं। हमारी कोशिश है कि उनका ऐसा स्वागत हो कि वो कहें पहली बार ऐसा स्वागत देख रहा हूं।
तेलीबांधा थाने से एकात्म परिसर तक रोड शो होगा
सैकड़ों महिला कार्यकर्ता आरती और तिलक के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने को तैयार हैं। भाजपा कार्यकर्ता श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पर फूल बरसाएंगे। तैयारियों के बारे में पूर्व मंत्री विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने एकात्म परिसर में रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा के सभी मोर्चों के अधिकारियों के साथ जिले के पदाधिकारियों की भी बैठक ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश स्तर की समिति से लेकर पोलिंग बूथ तक के कार्यकर्ताओं से भी बात करेंगे। तेलीबांधा थाने से लेकर एकात्म परिसर तक जेपी नड्डा का रोड शो होगा।
बनाए जा रहे 10 मंच
रास्ते पर 10 से अधिक मंच बनाए जा रहे हैं। इन मंचों पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अंदाज में जेपी नड्डा का स्वागत होगा। एकात्म परिसर में नेताओं से मिलने के बाद नड्डा साइंस कॉलेज मैदान जाएंगे। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 50 हजार लोगों की क्षमता का डोम तैयार किया जा रहा है। यहां नड्डा कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS