बे-बात ले ली लड़की की जान : गांव के ही युवक ने घर छोड़ने के बहाने बाइक पर ले जाकर मार डाला, रेप से इनकार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डंगोरा डैम की पहाड़ियों पर मिली 14 साल की लड़की की लाश के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। किशोरी की हत्या उसके ही गांव के एक युवक ने की थी। आरोपी ने नाबालिग को इसलिए मार दिया, क्योंकि उसने बात करना बंद कर दिया था। वह लड़की को स्कूल से घर छोड़ने के बहाने ले गया और जंगल में चाकू से उसका गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर किया है। युवक ने हत्या की बात कबूल ली है, लेकिन रेप से इनकार किया है।
उल्लेखनीय है कि डोंगरगढ़ क्षेत्र की 9वीं की छात्रा 19 जुलाई को सुबह रोज की तरह स्कूल गई थी। मगर अपने समय पर घर नहीं लौटी। इसके बाद उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस पर उसके परिजनों ने लड़की के लापता होने की रिपोर्ट मामला मोहारा चौकी में दर्ज कराई थी।
2 दिन बाद डंगोरा डैम की पहाड़ियों में मिली थी लाश
गुरुवार को पुलिस को जानकारी मिली कि डोंगरगढ़ के आगे डंगोरा डैम की पहाड़ियों में एक लड़की की लाश पड़ी है। लाश स्कूल ड्रेस में होने की सूचना थी। ये पता चलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच करने पर पुलिस को पता चला कि वही लड़की है जो 19 जुलाई से लापता है। लड़की का शव मिलने के बाद पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की थी। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में लड़की एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर जाती दिखी थी। पुलिस ने इस दौरान 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
गांव के युवक से मिला सीसीटीवी में दिखे युवक का हुलिया
जांच में पुलिस को यह पता चला कि घटना के दिन पहाड़ी के पास एक युवक संदिग्ध हालत में देखा गया था। इस पर पुलिस ने उस लड़के के बारे में पता लगाया, पुलिस को यह भी पता चला कि वह युवक लड़की के ही गांव का रहने वाला था। सीसीटीवी कैमरे में दिखे युवक का हुलिया भी उसी युवक से मिलता था। ये पता चलने के बाद पुलिस ने उसके गांव में दबिश दी। जिसके बाद पुलिस को पता चला कि युवक घर पर नहीं है। पुलिस ने युवक की पहचान छबील कुर्रे के रूप में की थी। घरवालों से पूछताछ में पता चला कि छबील इन दिनों नागपुर में रहता है। वह घर ही नहीं आया है। यहीं से पुलिस को उस पर शक हुआ।
डोंगरगढ़ के पास देखा गया था युवक
इस सूचना के बाद पुलिस ने फिर से छबील का नंबर ट्रेस करना शुरू किया। जांच में पता चला था कि वह कुछ दिन पहले डोंगरगढ़ के आस-पास भी देखा गया है। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर नागपुर में मिला। इसके बाद एक टीम नागपुर भेजी गई और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को छबील ने पहले तो गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। छबील ने बताया कि मैं भी यहीं रहकर पढ़ता था। तब मेरी छात्रा से अच्छी बात होती थी, लेकिन कोरोना के दौरान मैं काम के चक्कर में नागपुर चला गया। इस दौरान उसने मुझसे बात करना ही बंद कर दिया। इसी बात को लेकर वह छात्रा से नाराज था।
मर्डर के लिए बनाया प्लान, पहले चुराई बाइक
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने वापस आते ही प्लान बना लिया था कि हत्या का। इसके लिए उसने 5 दिन पहले ही बाइक चुराई। फिर डोंगरगढ़ आया तो लड़की को घर छोड़ने के बहाने स्कूल के बाहर से बाइक पर बिठाया था। घर की ओर न लेजाकर जंगल की तरफ ले गया तो उसने विरोध किया। लेकिन उसने बल पूर्वक जंगल में ले जाकर हत्या कर दी। आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद उसने बाइक को भी वहीं झाड़ियों में छिपाया था। इसके बाद वह बस पकड़कर नागपुर चला गया। हालांकि आरोपी ने युवती से रेप करना स्वीकार नहीं किया है।
सीमेन रिपोर्ट से पता चलेगा, रेप हुआ या नहीं
लाश मिलने के बाद शुरुआती जांच में पुलिस ने लड़की के साथ रेप की आशंका जताई थी। हालांकि अब एसपी प्रफुल्ल ठाकुर का कहना है कि हमने सीमेन रिपोर्ट रायपुर भेजी है। रिपोर्ट में यदि रेप की पुष्टि होगी तो वो धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस ने शनिवार को पूरे मामले का खुलासा किया है।

© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS