दर्दनाक सड़क हादसा : हाइवा ने 3 साल के बच्चे को कुचला, टुकड़े-टुकड़े हो सड़क पर बिखरा शव

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें एक 3 साल के बच्चे के शव के टुकड़े-टुकड़े होकर सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद चालक हाइवा छोड़ भाग गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार आमदी निवासी संतोष साहू का 3 साल का बेटा लिकेश आज आंगनबाड़ी केंद्र जा रहा था। इस दौरान आमदी चौक के पास सड़क पार करते समय रेत से भरी तेज रफ्तार हाइवा ने उसे कुचल दिया। हाइवा के कुचलने से बच्चे के शव के टुकड़े-टुकड़े हो गए। उसका सिर, पैर-हाथ सब धड़ से अलग होकर सड़क पर बिखर गया। वहीं चालक हाइवा छोड़ भाग गया। बच्चे की इतनी वीभत्स मौत देख आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर और नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का कहना है कि यहां रात 10 बजे से लेकर सुबह तक रेत से भरे हाइवा और ट्रक दौड़ते रहते हैं। तेज रफ्तार में भागते इन वाहनों के कारण आए दिन हादसा होता है। इसके बाद भी प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। लोगों ने हाइवा को सुबह बंद करने और रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाया। 25 हजार रुपए की सहायता राशि परिजनों को दी गई। इसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे और जाम खुल सका। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस ने हाइवा चालक को गिरफ्तार कर लिया है।


© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS