CG News : छत्तीसगढ़ के इस जिले में जबरदस्त एक्शन, अवैध परिवहन और प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर लगाया लाखों का जुर्माना

CG News : छत्तीसगढ़ के इस जिले में जबरदस्त एक्शन, अवैध परिवहन और प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर लगाया लाखों का जुर्माना
X
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध अपवहन करने वाले 1 उद्योग के 2 वाहनों पर 93 हजार 15 रूपये तथा अन्य स्थानों पर अवैध, अनियंत्रित अपवहन एवं समुचित व्यवस्था किये बिना परिवहन करने वाले 4 उद्योगों के 6 वाहनों पर 3 लाख 6 हजार 435 रूपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है। पढ़िए पूरी खबर...

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फ्लाईऐश के समुचित व्यवस्था के बिना परिवहन व अवैध निपटान पर लगातार कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा द्वारा अधिकरियों को दिए गए हैं। पर्यावरण विभाग द्वारा इस संबंध में लगातार जांच व कार्यवाही की जा रही है।

मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी अंकुर साहू ने बताया कि, इस वर्ष में सितम्बर माह तक विभिन्न उद्योगों के वाहनों पर अब तक कुल 44 लाख 81 हजार 900 रूपये पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है। बीते एक माह में जांच के दौरान अवैध अपवहन एवं समुचित व्यवस्था बिना परिवहन पर कार्यवाही की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध अपवहन करने वाले 1 उद्योग के 2 वाहनों पर 93 हजार 15 रूपये तथा अन्य स्थानों पर अवैध, अनियंत्रित अपवहन एवं समुचित व्यवस्था किये बिना परिवहन करने वाले 4 उद्योगों के 6 वाहनों पर 3 लाख 6 हजार 435 रूपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है। इस तरह 5 उद्योगों के 8 वाहनों पर कुल 3 लाख 99 हजार 450 रूपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।

एक साल में 23 उद्योगों को जारी किया गया नोटिस

आगे जानकारी देते हुए बताया कि रायगढ़ जिले में स्थित उद्योगों में सतत रूप से जांच की कार्यवाही की जा रही है, एवं कमी पाये जाने पर उद्योगों को नोटिस एवं क्लोजर डायरेक्शन जारी किया जाता है। विगत 1 वर्ष में 23 उद्योगों को व्यवस्था सुधार हेतु नोटिस एवं 2 उद्योगों को क्लोजर डायरेक्शन जारी किया गया है साथ ही उद्योगों द्वारा जांच के दौरान प्रदूषण रोकथाम करने में असफल रहने पर विगत 1 साल में 7 लाख 76 हजार 250 रूपये पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।

कलेक्टर ने जारी किया व्हाट्सअप हेल्प लाईन नंबर

कलेक्टर श्री सिन्हा के निर्देश पर अवैध फ्लाई ऐश अवैध निस्तारण एवं समुचित व्यवस्था किये बिना परिवहन की शिकायत के लिए फ्लाई ऐश व्हाट्सअप हेल्प लाईन नंबर 7987033406 जारी किया गया है। जिस पर भेजे गये अवैध डम्पिंग एवं परिवहन की शिकायत प्राप्ति पर मंडल द्वारा त्वरित कार्यवाही की जाती है। फ्लाई ऐश व्हाट्सअप हेल्प लाईन नंबर के प्रचार-प्रसार बाबत् फ्लाई परिवहनकर्ता वाहनों पर हेल्प लाईन नंबर उल्लेखित कराना अनिवार्य किया गया है जिसका पालन करना उद्योगों द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है।

Tags

Next Story