टीएस की आस बरकरार : भिलाई में बोले- उन्हें अब भी है 'न्याय' का इंतजार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव रविवार को भिलाई पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेसवार्ता ली। इस दौरान सिंहदेव ने भारत जोड़ो यात्रा पर अपनी बात रखी। वहीं प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने लगभग 4 साल पूरे हो चुके हैं। मात्र एक साल का कार्यकाल और शेष है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री बनने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव की उम्मीदें कम नहीं हुई हैं। भिलाई दौरे के दौरान यह बात खुद मंत्री सिंहदेव ने कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने को लेकर न्याय की उम्मीद का इंतजार वह अभी भी कर रहे हैं। साथ ही अगले विधानसभा चुनाव में सीएम फेस को लेकर उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ी है। मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश का जो मुख्यमंत्री होता है, वहीं सीएम फेस होता है। वर्तमान में भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं तो वे ही सीएम का चेहरा भी होंगे।
सरकार बनने के बाद की गई कई घोषणाएं पूरी : सिंहदेव
स्वास्थ्य मंत्री ने छत्तीसगढ़ में चुनाव के पहले कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनने के बाद किसानों की ऋण माफी, धान का समर्थन मूल्य, बिजली बिल हाफ सहित कई घोषणाएं पूरी की हैं। कुछ ऐसी भी मांगे हैं जो पूरी नहीं हुई हैं। सरकार उन्हें भी पूरा करने का प्रयास कर रही है।
भारत जोड़ो यात्रा से लाखों लोग जुड़ चुके
भारत जोड़ो यात्रा पर मंत्री सिंहदेव ने अपनी बात रखते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा देश के लोगों से सीधे मिलने के लिए शुरू की है। अब तक इस यात्रा से लाखों लोग जुड़ चुके हैं। कुछ लोगों ने भारत को तोड़ने का प्रयास किया था। उन्हीं की बदौलत देश में आज महंगाई चरम पर है। सिलेंडर के दाम 1100 रुपए से अधिक हो गए। पेट्रोल डीजल के दाम 100 के पार चले गए हैं। इसके बाद भाजपा यह कह रही है कि लोगों को कोई समस्या नहीं है। राहुल गांधी के भारत जोड़ों यात्रा के दौरान जो कारंवा बन रहा है। यह उसका प्रमाण है कि देश की जनता महंगाई से त्रस्त है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS