झारखंड से राजनांदगांव जा रहे दो व्यक्तियों को 1 किलो अफीम के साथ किया गिरफ्तार

रायपुर। खमतराई पुलिस ने भनपुरी के पास घेराबंदी कर एक कार से दो व्यक्तियों के कब्जे से तीन लाख रुपए कीमत की एक किलो अफीम जब्त की है। अफीम को तस्कर झारखंड से बिलासपुर के रास्ते राजनांदगांव ले जा रहे थे। पुलिस गिरफ्त में आया एक तस्कर राजनांदगांव के चिचोला बार्डर पर ढाबा चलाता है। ढाबा संचालन करने की आड़ में वह ट्रक ड्राइवरों को अफीम बेचने का लंबे समय से काम कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक अफीम तस्करी के आरोप में मूलत: पंजाब, गुरुदासपुर निवासी लखविंदर सिंह उर्फ पिंटू तथा दुर्ग, खुर्सीपार निवासी बिट्टू मसीह को अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। लखविंदर पिछले कई वर्षों से दुर्ग, जामुल में रहकर ढाबा संचालित करने का काम कर रहा है। उस पर आरोप है कि वह पिछले कई वर्षों से ढाबा संचालन करने की आड़ में नशे का काला कारोबार कर रहा है। पुलिस को लखविंदर के बारे में तीन दिन पहले झारखंड से अफीम लाने के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद से पुलिस उसके मूवमेंट के बारे में जानकारी जुटा रही थी।
पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश
झारखंड से अफीम लेकर तस्कर जैसे ही निकले, पुलिस को तस्करों के बारे में जानकारी मिल गई। इसके बाद पुलिस टीम दोनों के लोकेशन के बारे में जानकारी एकत्रित कर घेराबंदी करने में जुट गई। तस्कर बिलासपुर से जैसे ही रवाना हुए, पुलिस को दोनों के कार के नंबर मिल गए। भनपुरी चौक के पास तस्करों की कार को पुलिस ने जैसे ही रोकने की कोशिश की, तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग पार्टी ने तस्करों की कार का पीछा कर ओवरटेक कर रोका और कार की तलाशी ली। कार की सीट के नीचे की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के पैकेट में अफीम मिली।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS