कचना क्रॉसिंग पर बनेगा अंडरब्रिज, ड्राइंग डिजाइन तैयार

मनोज सिंह. रायपुर. कचना-खम्हारडीह रेलवे क्रासिंग से सटी कॉलोनियों की 3 लाख आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत देने हरिभूमि की मुहिम के बाद अब अंडरब्रिज बनना तय हो गया है। रेलवे और पीडब्ल्यूडी यहां पांच करोड़ की लागत से अंडरब्रिज बनाएंगे। इसके लिए ड्राइंग डिजाइन बनाई गई है, जिसकी लंबाई 8.5 मीटर और ऊंचाई करीब 5.5 मीटर होगी। इस अंडरब्रिज से सिर्फ दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजर सकेंगे। दरअसल, कचना रेलवे क्रासिंग पर अंडरब्रिज बनाने रेलवे ने ड्राइंग-डिजाइन तैयार कर पीडब्ल्यूडी को भेजी थी। यहां से मंजूरी मिलने के बाद रेलवे के पिंक बुक में अंडरब्रिज को शामिल किया गया है। राज्य सरकार के बजट बुक में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
इन्हें मिलेगी ट्रैफिक जाम से मुक्ति
जानकारों के मुताबिक कचना रेलवे क्रासिंग से खम्हारडीह, कचना, गोल्डन होम्स, सड्डू, आमासिवनी और दलदल सिवनी समेत दर्जनभर कॉलोनियों में रहने वाली करीब 3 लाख आबादी आवागमन करती है। वहीं, रेलवे क्रासिंग से दिनभर में 25 से 30 ट्रेनें गुजरती हैं और प्रत्येक ट्रेन के पास होने में 8 से 10 मिनट लगता है। इससे क्रासिंग पर वाहनों का लंबा जाम लगता है।
बारिश के पानी निकासी पर मंथन
जानकारी के मुताबिक कचना रेलवे क्रासिंग पर अंडरब्रिज बनाने से बारिश के सीजन में पानी भरने की समस्या को लेकर होमवर्क चल रहा है। यहां बारिश के समय पानी निकासी का इंतजाम नहीं है। यही नहीं, अंडरब्रिज में पानी भरने के बाद सिर्फ शंकरनगर ओवरब्रिज का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन कचना से शंकरनगर ओवरब्रिज तक पहुंचने के लिए कॉलोनी से होकर गुजरना होगा और कॉलोनी की रोड ट्रैफिक दबाव सहने लायक नहीं है। अंडरब्रिज बनाने से पहले पानी की निकासी पर मंथन किया जा रहा है।
इतने वाहनों का रहता है ट्रैफिक दबाव
पीडब्ल्यूडी के मुताबिक कचना रेलवे क्रासिंग का रेलवे प्रशासन ने साल 2016 में सर्वे किया था, जिसमें टीवीयू (ट्रेन व्हीकल यूनिट) 24 घंटे में करीब 66 हजार 663 का मिला था। साल 2020 के सर्वे में टीवीयू की संख्या 3 लाख 18 हजार हो गई है। इसमें 80 फीसदी दोपहिया और चारपहिया वाहनों का दबाव रहता है। इसके हिसाब से अंडरब्रिज की चौड़ाई और ऊंचाई निर्धारित की गई है।
ऐसा होगा कचना अंडरब्रिज
अफसरों के मुताबिक कचना रेलवे क्रासिंग पर बनने वाले अंडरब्रिज की ऊंचाई करीब 5.50 मीटर होगी। इसके बाक्स की लंबाई करीब 22 मीटर की होगी। अंडरब्रिज के दोनों तरफ 100 मीटर का अप्रोच रोड बनेगा। रेलवे ने अंडरब्रिज की ड्राइंग डिजाइन तैयार की है। इसके अंडरब्रिज पर करीब 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए रेलवे 2.5 करोड़ और पीडब्लयूडी 2.5 करोड़ खर्च करेगा।
अंडरब्रिज बनेगा
कचना खम्हारडीह रेलवे क्रासिंग पर अंडरब्रिज बनाया जाएगा। इसकी प्रक्रिय चल रही है।
- विपिन वैष्णव, सीनियर डीसीएम, रायपुर
प्रक्रिया चल रही
कचना क्रासिंग पर अंडरब्रिज बनना तय हो गया है। रेलवे ने ड्राइंग डिजाइन दी है। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
- बीएस बघेल, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS