युवा कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन : ED दफ्तर पर लगाया BJP कार्यालय का बोर्ड, की जमकर नारेबाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज युवा कांग्रेसियों ने ED दफ्तर के बाहर भाजपा कार्यालय का बोर्ड लगा दिया। टिकरापारा क्षेत्र में पुजारी पार्क के पास स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय के बोर्ड के पास ही युकांइयों ने भाजपा कार्यालय का बोर्ड लगा दिया। ED दफ्तर के गेट तक पहुंचे युकांइयों ने वहां एजेंसी और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की। उल्जलेखनीय है कि नेशनल हेराल्ड केस में मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ED ने दूसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया। कांग्रेस पार्टी देशभर में इसका विरोध कर रही है।
काफी देर तक करते रहे नारेबाजी
मंगलवार को युवा कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता रायपुर के पुजारी पार्क स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने अपने साथ लाए स्टीकर वहां की दीवारों पर चिपकाने शुरू कर दिए। इन पर भाजपा कार्यालय लिखा हुआ था। प्रवर्तन निदेशालय के मुख्य बोर्ड के नीचे भाजपा कार्यालय लिखा बोर्ड भी लगा दिया गया। काफी देर तक नारेबाजी के बाद प्रदर्शनकारी ED कार्यालय के बाहर से हटे।

उधर गांधी मैदान में सत्याग्रह
एक ओर जहां युवा कांग्रेसी हंगामा मचाते दिखे वहीं कांग्रेस पार्टी रायपुर के गांधी मैदान में सत्याग्रह किया। महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास बैठकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ED की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। इस प्रदर्शन में सभी वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। विधानसभा में प्रश्नकाल खत्म होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी यहां आकर बैठे। कांग्रेस नेताओं का यह सत्याग्रह सोनिया गांधी के ED दफ्तर से बाहर निकलते तक चला।

© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS