कबाड़ बीनने की आड़ में करता था चोरी : 9 महीने में 24 मकानों को बना चुका है निशाना, अब गिरफ्तार

जांजगीर। जांजगीर जिले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया चोर कबाड़ बीनने की आड़ में पहले सूने मकानों की ताकझांक करता था फिर मौका देखकर वहां हाथ साफ कर देता था। इस दौरान कुत्ते भोंकते तो उन्हें गुलेल से मारकर भगा देता। निगरानी बदमाश होने के कारण चोरी का माल बेच नहीं पाता तो MP जाकर जमीन पर गाड़ देता। पुलिस ने चोर से करीब 30 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं।
बिलासपुर के सिरगिट्टी निवासी दुर्गेश नाई को पुलिस ने संदिग्ध हालत में घूमते हुए पकड़ा है। जांच में पता चला कि वह निगरानी बदमाश है और अलग-अलग कोर्ट ने उसके खिलाफ 7 स्थाई वारंट जारी कर रखे हैं। पूछताछ में उसने बताया कि मनेद्रगढ़ में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। पिछले साल लॉकडाउन से जांजगीर जिले के चांपा, जांजगीर, अकलतरा, बलौदा, पामगढ़ क्षेत्र में कबाड़ बीनने की आड़ में सूने मकानों को निशाना बना रहा था।
रेलवे स्टेशन को बना रखा था अपना ठिकाना
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने रेलवे स्टेशन को अपना आशियाना बना रखा था। वह ट्रेन से आता और फिर कबाड़ बीनने की आड़ में सूने मकानों की रेकी करता था। मकानों को चिन्हित करता और फिर रात में चोरी करने पहुंच जाता। इस दौरान अपने पास रखे गुलेल से कुत्तों को दूर से मार कर भगा देता। उसे अय्याशी की लत लग गई थी। इसके लिए जो भी चोरी करता, उसे जुआ-सट्टा खेलने में उड़ा देता था।
9 महीने में 24 घरो में कर चुका है चोरी
पकड़े गए आरोपी ने 9 माह में 24 मकानों को निशाना बनाया है। इनमें चांपा क्षेत्र के 7, जांजगीर के 4, बलौदा, अकलतरा, पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र में 17 मकानों के ताले तोड़कर सोने, चांदी के गहने और नगदी चोरी किए हैं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मध्य प्रदेश के अनूपपुर स्थित ग्राम बिजुरी से आधा किलो सोना, 4 किलो चांदी सहित 30 लाख रुपए के गहने बरामद किए हैं। एसपी प्रशांत सिंह ठाकुर ने बताया कि दुर्गेश नाई कई बार चोरी के प्रकरण में जेल जा चुका है। उसका कई थानों में वारंट है, इसके कारण चोरी का सामान बेच नहीं पाता और जमीन में गाड़ कर छिपा देता था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS