छत्तीसगढ़ में भी जल्द दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन : बिलासपुर-दिल्ली और गोंदिया-झारसुगड़ा के लिए चल सकती है... बिलासपुर और गोंदिया में कोचिंग डिपो पर काम शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वंदे भारत ट्रेन के लिए बिलासपुर और छत्तीसगढ़ से लगे गोंदिया में कोचिंग डिपो का काम शुरू हो गया है। इस आधार पर रेल अफसरों का कहना है कि छत्तीसगढ़ को दो वंदे भारत ट्रेनों की सुविधा मिलने वाली है। पहली ट्रेन बिलासपुर से संपर्क क्रांति रूट से दिल्ली जाएगी। दूसरी ट्रेन गोंदिया से चलकर रायपुर-बिलासपुर होती हुई ओडिशा के झारसुगुड़ा तक जा सकती है। वहीं, दिल्ली जाने वाली वंदे भारत ट्रेन रायपुर नहीं आएगी।
अभी बिलासपुर से दिल्ली की यात्रा में लगभग 18 घंटे लग रहे हैं, लेकिन वंदे भारत से बिलासपुर से दिल्ली का सफर करीब 14 घंटे में पूरा हो सकता है। इसी तरह रायपुर से झारसुगुड़ा के सफर में अभी 6 घंटे लग रहे हैं, जो गोंदिया से वंदे भारत चली तो यह सफर केवल 4 घंटों का ही होगा।
वंदेभारत हाईस्पीड ट्रेनों का प्रोजेक्ट अब लगभग शुरू हो गया है। रेलवे की ओर से जारी संभावित सूची में छत्तीसगढ़ भी शामिल था। अब लगभग साफ हो गया है कि छत्तीसगढ़ को दो वंतेभारत ट्रेनें मिलने की स्थिति बन गई है क्योंकि गोंदिया और बिलासपुर में केवल वंदेभारत ट्रेन के लिए 50-50 करोड़ रु. से कोचिंग डिपो बनाने का काम शुरू हो गया।
रेलवे से अप्रूवल का इंतजार
हालहीं में रेलवे की सीआरएस टीम ने दुर्ग से झारसुगड़ा के बीच ट्रेन को 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर परीक्षण कर लिया है। सूत्रों के अनुसार यह ट्रायल भले ही वंदे भारत ट्रेन के लिए नहीं था, लेकिन यह साफ हो गया कि इस ट्रैक में हाई स्पीड ट्रेन आसानी से चला सकते हैं। यह ट्रायल सफल तो था, लेकिन अभी रेलवे से इसके अप्रूवल का इंतजार है। वंदेभारत भी करीब 130 किमी की रफ्तार से चलती है। यात्रा में समय कम लगने के पीछे एक वजह यह भी है कि स्टॉपेज कम रहेंगे।
जल्द बढ़ाई जाएगी वंदेभारत ट्रेनों की स्पीड
वंदेभारत ट्रेन का कोचिंग डिपो अलग रहेगा, यानी इसमें वंदेभारत के अलावा कोई ट्रेन नहीं रखी जाएगी। बिलासपुर और गोंदिया कोचिंग डिपो में ट्रेन की सफाई और जरूरी मरम्मत होगी। वहां से ट्रेन स्टेशन पहुंचेगी। रेलवे अफसरों ने बताया कि वंदेभारत की खासियत है कि आने वाले कुछ समय में इसकी स्पीड बढ़ाकर 160 से 180 किमी प्रतिघंटा की जा सकती है। वंदे भारत ट्रेन के कोच भी अपग्रेड किए गए हैं। इसका सीटिंग अरेंजमेंट थोड़ा अलग है, इसलिए पूरे कोच में तकनीकी सुधार हुए हैं।
बिलासपुर-दिल्ली वंदे भारत जाएगी संपर्क क्रांति रूट से
कोचिंग डिपो अगले साल मई-जून तक बन जाएंगे और उसके तुरंत बाद ट्रेन शुरू हो जाएगी। पहली ट्रेन गोंदिया से दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर होती हुई झारसुगुड़ा जाएगी। दूसरी ट्रेन बिलासपुर से संपर्क क्रांति रूट से दिल्ली जाएगी।
भाजपा ने जताई खुशी, कहा-केंद्र सरकार लगातार दे रही छत्तीसगढ़ को सौगात
छत्तीसगढ़ को 2 नई ट्रेनों की सौगात मिलने पर भाजपा ने खुशी जाहिर की। भाजपा के मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार छत्तीसगढ़ को सौगाते दे रही है और अब दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात भी मिली है। निश्चित रूप से इससे छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। जोन को वंदेभारत की दो ट्रेनें मिली हैं। इसके लिए बिलासपुर और गोंदिया में कोचिंग डिपो का निर्माण शुरू कर दिया गया है। वंदेभारत शुरू होने से छत्तीसगढ़ के यात्रियों को आसानी होगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS