मछली नहीं मिली तो कर दी पिता की हत्या: दो बेटों ने अपने पिता को उतारा मौत के घाट..... बहन ने भागकर बचाई अपनी जान

मछली नहीं मिली तो कर दी पिता की हत्या: दो बेटों ने अपने पिता को उतारा मौत के घाट..... बहन ने भागकर बचाई अपनी जान
X
पिता ने दोनों बेटों को मछली देने से इनकार कर दिया, तो गुस्से में दोनों बेटे खुद ही मछली निकालकर खाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों सौतेले बेटों के साथ पिता का विवाद शुरू हो गया। पढ़िए पूरी खबर ....

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ग्राम क्रांति प्रकाशपुर में दो बेटों ने मिलकर अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पिता की हत्या के बाद उन्होंने अपनी बहन को भी जान से मारने के लिए दौड़ाया, लेकिन उसने भागकर अपनी जान बचा ली। घटना मछली खाने को लेकर हुआ था विवाद, जिसके बाद दोनों ने मिलकर पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपी बेटों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें से एक नाबालिग है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम क्रांति प्रकाशपुर में रहने वाले कल्लू बखला (50 वर्ष) की पत्नी की मौत कुछ समय पहले बीमारी से हो गई थी। इसके बाद उसने गांव की ही एक विधवा महिला से शादी कर ली और वह उसी के घर में रहने लगा। विधवा महिला को अपने दिवंगत पति से 2 बेटे और एक बेटी है। दोनों बेटे कबाड़ बीनने का काम करते थे, साथ ही उन्हें नशे की भी बुरी लत है।


पुलिस ने दोनों बेटों को किया गिरफ्तार
रविवार की शाम को कुल्लू बखला अपने घर में मछली लेकर आया था। किसी काम वश उसकी पत्नी घर से बाहर गयी हुई थी तो उसकी बेटी ने मछली बनाई और दोनों मिलकर मछली खा रहे थे। इसी बीच दोनों सौतेले बेटे वहां पहुंचे, और मछली खाने की मांग करने लगे। लेकिन पिता ने दोनों बेटों को मछली देने से इनकार कर दिया, तो गुस्से में दोनों बेटे खुद ही मछली निकालकर खाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों सौतेले बेटों के साथ पिता का विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद आवेश में आकर दोनों बेटों ने मिलकर फावड़ा और कुल्हाड़ी से पिता के सिर और गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई अपनी सगी बहन को भी मारने के लिए दौड़े, लेकिन उसने घर से बाहर भागकर पुलिया के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।

बेटी ने दी पुलिस को जानकारी
24 जुलाई को सौतेली बेटी सिटी कोतवाली पहुंची और पिता की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी दोनों सौतेले बेटों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों में एक आरोपी नाबालिग है।

Tags

Next Story