चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या : 9 महीने पहले ही किया था प्रेम विवाह, पिता और भाई के साथ मिलकर दफनाया शव

चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या : 9 महीने पहले ही किया था प्रेम विवाह, पिता और भाई के साथ मिलकर दफनाया शव
X
शादी के बाद से ही पति, पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था। इसके चलते कई बार दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। पत्नी, पति को छोड़कर अपने मायके भी चली गई थी। हालांकि पति के मनाने के पश्चात् वह वापस आ गई थी। इसके बाद दोनों गिरोला मंदिर दर्शन करने गए थे। यहां से लौटते वक्त आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पढ़िए पूरी खबर...

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले से पत्नी के चरित्र पर शक के चलते हत्या कर देने की वारदात सामने आई है। यहां पति ने माता के दर्शन बहाने जंगल में लेजा कर पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद महिला के शव को जंगल में ही दफना कर आरोपी फरार हो गया था। 8- 9 महीने पहले ही दोनों ने प्रेमविवाह किया था। आज हत्या के एक महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पूरा मामला जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला बीते एक माह पहले का है। यहां जगदलपुर के परउगुड़ा निवासी 25 वर्षीय शंकर पांडेय और तेतरकुटी निवासी 22 वर्षीय सीमा यादव ने लगभग 8-9 महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही शंकर, सीमा के चरित्र पर शक करने लगा था। इसके चलते कई बार दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। सीमा पति को छोड़कर अपने मायके भी चली गई थी। हालांकि पति के मनाने के पश्चात् वह वापस आ गई थी। इसके बाद 27 सितंबर को शंकर अपनी पत्नी सीमा को गिरोला मंदिर दर्शन करवाने लेकर गया था। यहां लौटते वक्त उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

सुनसान इलाके में की हत्या

बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, इस दौरान सुनसान इलाका देखकर मौका परस्त पति ने पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति ने पत्नी के शव को झाड़ियों में ही छिपा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर लौटा। यहां उसने वारदात की जानकारी अपने 51 वर्षीय पिता चिंतामणी पांडेय और 19 वर्षीय छोटे भाई विक्रम पांडेय को दी। देर रात तीनों जंगल पहुंचे, यहां उन्होंने शव को उठाकर, कुछ दूरी पर ले जाकर दफना दिया। इसके बाद आरोपी ने मृतका के परिजनों से कहा कि दोनों मंदिर गए थे। मैं आ गया और सीमा बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन अब तक लौटी नहीं।

मामले की शिकायत के बाद फरार हुआ आरोपी

मामले की जानकारी के बाद मृतका के पिता ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई थी। इसके बाद शंकर उसी दिन से फरार था। इसके बाद पुलिस को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस ने सायबर सेल की मदद से आरोपी का पता लगाया। इसमें 1 महीने के अंदर ही वह ओडिशा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार इन 4 राज्यों में अलग-अलग लोकेशन दिखाया गया। इसके बाद अंत में आरोपी को ओडिशा के पुरी से पकड़ा लिया गया है।

तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल

इसके बाद पुलिस के आरोपी को पकड़कर लाने के बाद मामले का खुलासा हुआ। आरोपी ने पुलिस को वह जगह दिखाई, जहां उसने मृतका के शव को दफनाया था। गुरुवार को पुलिस ने शव को निकाल लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, पिता और भाई सहित आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Tags

Next Story