कांग्रेस नेता के बेटे की पिटाई से युवक की मौत : 26 मार्च को सिर पर डंडे से किया था कई वार, अस्पताल में हुई मौत

रविकांत सिंह राजपूत-मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के नए जिले मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर के जनकपुर में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भरतपुर रविप्रताप सिंह के बेटे शैलेन्द्र सिंह पर एक युवक की पिटाई करने का आरोप लगा है। पिटाई से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है।
उल्लेखनीय है कि घायल युवक सुमित शर्मा का इलाज शहडोल जिला अस्पताल में चल रहा था, जहां कल उसकी मौत हो गई है। मृतक का घायल अवस्था में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रविप्रताप सिंह के बेटे शैलेन्द्र सिंह पर डंडे से सिर पर कई वार करने का आरोप लगा रहा है। घटना 26 मार्च की बताई जा रही है। मृतक सुमित के मुताबिक उसका किसी से बहस हो रहा था, तभी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे शैलेन्द्र सिंह, उर्फ छोटू वहां पहुंचता है और रंगदारी दिखाते हुए सुमित पर डंडे से वार कर देता है, जिससे वह लहूलुहान हो जाता है और जनकपुर के अस्पताल में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया जाता है। इस बीच रविवार को मृतक की तबियत ज्यादा बिगड़ने पर उसे शहडोल के जिला अस्पताल रेफर किया जाता है और इलाज के दौरान मृतक की मौत हो जाती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। उल्लेखनीय कि मृतक घर का इकलौता चिराग था।
ब्लाक अध्यक्ष पर भी लगे हैं आरोप
बेटे द्वारा मारपीट करने से पहले पिता यानी ब्लाक कांग्रेस भरतपुर अध्यक्ष रविप्रताप सिंह पर भी पंचायत सचिव को आत्महत्या करने पर मजबूर करने का मामला दर्ज है। भरतपुर जनपद पंचायत क्षेत्र में च्यूल गांव के पंचायत सचिव छत्रपाल ने 22 फरवरी 2022 को फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी थी। मौके पर मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला था। सुसाइड नोट में पंचायत सचिव ने खुदकुशी का कारण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह, जनपद सीईओ अनिल अग्निहोत्री और पंचायत इंस्पेक्टर राजकुमार पाण्डेय को बताया था। मामला शांत करने के लिए अनुकंपा नियुक्ति का सहारा लिया गया। मृतक के पुत्र को घटना के चंद दिनों में ही अधिकारियों ने अनुकंपा नियुक्ति दे दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS