केजरीवाल के चमत्कारी नेतृत्व से 10 साल में ही आप बनी राष्ट्रीय पार्टी

केजरीवाल के चमत्कारी नेतृत्व से 10 साल में ही आप बनी राष्ट्रीय पार्टी
X
आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने गुरुवार को दावा किया है कि आप राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के चमत्कारी नेतृत्व की बदौलत महज 10 साल में ही आप राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने गुरुवार को दावा किया है कि आप राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के चमत्कारी नेतृत्व की बदौलत महज 10 साल में ही आप राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। गुजरात की 35 लाख से अधिक जनता ने अपना आशीर्वाद देकर देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली आप को राष्ट्रीय पार्टी बनने का सौभाग्य दिया है। अब आप सिर्फ दिल्ली और पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।

गुजरात को मोदी और अमित शाह का गढ़ कहा जाता है। अरविंद केजरीवाल ने उनके किले को भेदने का काम किया है। आप दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि अभी तक हमें सिंबल के लिए संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद अब पूरे देश में झाड़ू का ही सिंबल मिलेगा। गुजरात के लोगों ने झाड़ू का निशान आप के लिए रिजर्व कर दिया है और अब पूरे देश में झाड़ू चलाने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, आप के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कहा कि गुजरात की जनता ने आप को राष्ट्रीय पार्टी बनाकर संदेश दिया है कि केजरीवाल ने शिक्षा-स्वास्थ्य, बिजली-पानी का जो मॉडल दिया, उसे पूरे देश में फैलाना है।

संजय सिंह ने प्रैसवार्ता में कहा कि गुजरात चुनाव में आप के खाते में 35 लाख से अधिक वोट मिले हैं। कई लोग इस परिणाम को अलग-अलग नजरिए से देख सकते हैं। गुजरात के अंदर आप के एक-एक कार्यकर्ता ने बहुत मेहनत की है। आप के संगठन ने दिन-रात मेहनत करके काम किया। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी हारने के लिए चुनाव नहीं लड़ती है। हमने मेहनत किया और अपनी बात लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की। इसके परिणाम स्वरूप गुजरात की जनता का आशीर्वाद और हमें वोट मिला। गुजरात की जनता का इतना वोट मिला कि आज उसकी बदौलत आप को राष्ट्रीय पार्टी बनने का गौरव प्राप्त हो रहा है।

देश के गृहमंत्री के दावे गलत साबित हुए : सिंह

संजय सिंह ने कहा कि 6 महीना पहले देश के गृहमंत्री ने मुझे चुनौती दी थी कि एमसीडी चुनाव में आना, दो-दो हाथ कर लेंगे। अब दो-दो हाथ हो गया है और दिल्ली की जनता ने फैसला भी सुना दिया है। देश के गृहमंत्री ने 2020 में भी दिल्ली को जीतने का दावा किया था और उनका दावा गलत साबित हुआ। बंगाल में भी चुनाव जीतने का दावा किया था, वह भी गलत हुआ। महाराष्ट्र में भी दावा गलत हुआ, बिहार में भी गलत साबित हुए। 2018 से अब तक भारत के गृहमंत्री ने 11 चुनाव में जो-जो दावे किए, सारे दावे गलत साबित हुए। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2016 में बंगाल का चुनाव लड़े और 3 सीट आई। अभी आंध्र प्रदेश के चुनाव में 173 सीटों पर भाजपा की जमानत जब्त हो गई, जबकि प्रधानमंत्री ने कई रैली कीं। भाजपा को एक प्रतिशत से भी कम वोट मिला। अगर भाजपा के दूसरे राज्यों के चुनाव परिणाम की दृष्टि से देखे, तो गुजरात का फैसला आप के लिए बहुत बड़ी जीत है।

गुजरात के लोगों ने आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा देकर रचा इतिहास : राय

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को जन्म दिया और पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को फलते फूलते आगे बढ़ाया। गोवा के लोगों ने अपना समर्थन देकर आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनने के मुहाने तक पहुंचाया और आज गुजरात के लोगों के समर्थन और प्यार ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया। भाजपा के गढ़ गुजरात में आज 35 लाख से ज्यादा लोगों ने झाड़ू का परचम लहरा कर दिल्ली वालों द्वारा पैदा की गई आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा देकर एक इतिहास रचा है। यह छोटी बात नहीं है। चाहे चुनाव परिणाम कुछ भी हो। गुजरात में कोई अगर हिलता भी है तो उसे अपना सारा कुछ गवाना पड़ता है। उसे अपने कारोबार और जान का रिस्क लेना पड़ता है। ऐसे माहौल में गुजरात के लोगों ने आप को राष्ट्रीय पार्टी बनाने का फैसला किया है। इसके लिए मैं गुजरात के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। गुजरात के लोगों ने खिड़की खोल दी है, अगली बार गुजरात का दरवाजा टूटेगा।

गुजरात की जनता ने आप की मेहनत और हिम्मत पर अपनी मुहर लगाई : गुप्ता

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कहा कि 26 नवंबर 2012 को हम सबने मिलकर आप की नींव रखी थी। आज लगभग 10 साल पार्टी को पूरे हो गए और गुजरात की जनता ने आप की मेहनत और हिम्मत पर अपनी मुहर लगाई है। अब आप पूरे देश में ऐसी पार्टी के नाम पर जानी जाएगी, जिसने इस देश की राजनीति को बदला है। जिस देश में शिक्षा नहीं थी, लोग स्वास्थ्य के लिए दर-दर भटकते रहते थे। बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसते थे। गुजरात की जनता ने यह बताया है कि इस देश में केजरीवाल ने शिक्षा-स्वास्थ्य, बिजली-पानी का जो मॉडल दिया, उसे पूरे देश में फैलाना है। राष्ट्रीय पार्टी बनना आज एक छोटा सा कदम है। गुजरात की जनता ने चुनौती दी है कि जो मॉडल आपने दिल्ली में शुरू किया, उसे पूरे देश के कोने-कोने में ले जाकर दिखाना है।

आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय दर्जा मिलने के मायने

1. आम आदमी पार्टी (आप) का चुनाव चिन्ह झाड़ू परमानेंट हो जाएगा।

2. राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने के बाद आप के उम्मीदवार अब बैलेट / ईवीएम में नजर आएंगे

3. आप को देश की राजधानी में एक दफ्तर मिल सकेगा।

4. अब आप को अधिकार होगा कि वह हर राज्य में वोटर लिस्ट मुफ्त में पा सकें।

5. राष्ट्रीय स्तर पर अब आप 40 स्टार कैंपेनर को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकती है।

6. आप को अब राष्ट्रीय स्तर के चुनाव में आम लोगों को संबोधित करने के लिए रेडियो और टेलीविजन पर समय मिल सकेगा।

7. राष्ट्रीय दर्जा वाली पार्टी के अध्यक्ष, सरकारी आवास पाने के पात्र होते हैं।

8. नामांकन पत्र में अब केवल एक प्रस्तावक की आवश्यकता रहेगी।

Tags

Next Story