कृषि कानून: आदेश गुप्ता बोले कुछ लोग किसानों को भ्रमित कर अराजकता फैला रहे

तीन कृषि विधेयकों पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हस्ताक्षर कर बाद अब ये बिल कानून बन गए हैं। इसी के साथ ही देशभर में इसको लेकर प्रदर्शन उग्र होने की आशंका बढ़ गई और ऐसा ही आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कुछ प्रदर्शनकारियों ने राजपथ के पास एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया है। यह प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर को इंडिया गेट के पास लाकर प्रदर्शन कर रहे थे। मौके पर दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पहुंच कर आग पर काबू पाया।
ऐसे प्रदर्शन की निंदा करते हुये दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि शहीद भगत सिंह एक ऐसे देशभक्त थे जो देश की आज़ादी के लिए लड़ते हुए फांसी के फंदे पर चढ़ गए। दूसरी तरफ ये आईएनसी के लोग हैं जो उनका नाम लेकर किसानों को आज़ादी देने वाले बिलों के विरोध में राजधानी में अराजकता फैला रहे हैं और किसानों को भ्रमित कर रहे हैं।
वहीं केंद्रीय नेताओं ने इस घटना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस ने देश को शर्मसार किया। आज तक जनता ने आंदोलन देखे। लेकिन ट्रैक्टर लाकर इंडिया गेट के पास जलाना, कांग्रेस का नाटक है, हम इसकी भर्त्सना करते हैं। जिस तरह किसान आंदोलन के नाम पर कांग्रेस राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रही है वो निंदनीय है।
उधर, इंडिया गेट पर ट्रैक्टर में आग लगाने की घटना पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज दिल्ली में कांग्रेस ने अपना असली चेहरा दिखाया, किसानों के नाम पर कुछ असामाजिक तत्व अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। एक ट्रैक्टर जलाने का नाटक रचा गया, ये सारा विषय दुर्भाग्यपूर्ण है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS