एमसीडी में महत्वपूर्ण पदों पर चुनाव के लिए तैयार है सभागार: निगम सचिव

एमसीडी में महत्वपूर्ण पदों पर चुनाव के लिए तैयार है सभागार: निगम सचिव
X
एक दिन बाद यानी 6 जनवरी को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में महत्वपूर्ण पद महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के सदस्य पर चुनाव होने जा रहे हैं और इसी की तैयारी में दिल्ली नगर निगम का सचिव कार्यालय जुट गया है।

हरिभूमि रिपोर्टर: दया राम

नई दिल्ली। एक दिन बाद यानी 6 जनवरी को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में महत्वपूर्ण पद महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के सदस्य पर चुनाव होने जा रहे हैं और इसी की तैयारी में दिल्ली नगर निगम का सचिव कार्यालय जुट गया है। मंगलवार को यहां चौथी मंजिल स्थित सभागार में मेज व सीटों की साफ सफाई की गई। पॉलिस से मेज चमकाई गई और झागदार पानी से पार्षदों के बैठने के लिए सीट साफ की गई। इस दौरान उक्त पदों के लिए मतदान के लिए पेटियों पर पेंट किया गया। बता दें चुनाव के दौरान तीन मतदान पेटियों का उपयोग किया जाएगा। इस दौरान दिल्ली नगर निगम के सचिव भगवान सिंह ने बताया कि 6 जनवरी को सुबह 11 बजे से चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

बता दें कि महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय (वार्ड संख्या 86, पूर्वी पटेल नगर) और भाजपा से रेखा गुप्ता (वार्ड नं. 56, शालीमार बाग-बी), उप महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी से आले मोहम्मद इकबाल (वार्ड संख्या 76-चांदनी महल) और भाजपा से कमल बागरी (वार्ड संख्या 80-रामनगर) आमने सामने हैं। जबकि स्थायी समिति में सदस्य के पद के लिए आम आदमी पार्टी से मोहिनी (वार्ड संख्या 218, सुंदर नगरी), सारिका चौधरी (वार्ड संख्या 142, दरियागंज), मोहम्मद आमिल मलिक (वार्ड संख्या 246, श्री राम कॉलोनी) और रमिंदर कौर (वार्ड संख्या 100, फतेह नगर) और भाजपा से कमलजीत सहरावत (वार्ड संख्या 120, द्वारका-बी), पंकज लूथरा (भाजपा) (वार्ड संख्या 216, झिलमिल) और गजेंद्र सिंह दराल (निर्दलीय) (वार्ड संख्या 35, मुंडका) चुनाव के लिए नामांकित है।

मीडिया के लिए पांचवी मंजिल पर होगी व्यवस्था

गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम के एकीकरण के पहले तीन नगर निगम होते थे। यहां सिविक सेंटर मुख्यालय स्थित सभागार में उत्तरी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की बैठकें आयोजित होती थी। सभागार में करीब 300 सीटें हैं। लेकिन अब एकीकरण के बाद यहां 250 पार्षद, 10 सांसद और 14 विधायक व 10 मनोनीत निगम पार्षद हैं। इस हिसाब से 284 सीटें तो इनसे ही भर जाएगी। यदि निगम अधिकारियों व स्टाफ की बात की जाए तो इनकी संख्या भी 10 से 15 के आसपास हो सकती है। ऐसे में प्रेस- मीडिया कर्मी भी उस दिन 30 की संख्या के आसपास हो सकते हैं। इसे देखते हुए पांचवी मंजिल पर प्रेस मीडिया के लिए व्यवस्था की जा रही है।

Tags

Next Story