जामा मस्जिद में लड़कियों की रोक पर मचा बवाल, VHP ने ओवैसी को घेरा, पूछा- कहां हो भाईजान

जामा मस्जिद में लड़कियों की रोक पर मचा बवाल, VHP ने ओवैसी को घेरा, पूछा- कहां हो भाईजान
X
दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद (Jama Masjid) में लड़कियों के अकेले प्रवेश पर पाबंदी लगाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विशेषकर विश्व हिंदू परिषद ने तो ओवैसी को भी घेर लिया है। पढ़िये रिपोर्ट...

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद (Jama Masjid) में लड़कियों के अकेले प्रवेश पर पाबंदी लगाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। एक तरफ जहां कुछ लोग मस्जिद प्रबंधन (Jama Masjid Management) के इस फैसले को सही ठहरा रहे हैं, तो वहीं कुछ इसे धार्मिक स्थल पर महिलाओं से होने वाले भेदभाव से जोड़कर देख रहे हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग (National Commission for Women) ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है।

आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि हम इस मामले का स्वत: संज्ञान ले रहे हैं, यह गंभीर मामला है। जल्द ही, इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय महिला आयोग के सूत्रों के मुताबिक आयोग की ओर से जामा मस्जिद प्रबंधन को इस संबंध में नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही, इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही महिलाओं के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं करने की चेतावनी भी दी जाएगी।

वहीं, मस्जिद में लड़कियों के प्रवेश पर रोक के फैसले को लेकर मस्जिद प्रबंधन (Jama Masjid Management) ने अजीब तर्क दिया है। जामा मस्जिद प्रबंधन का कहना है कि महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी नहीं है। केवल अकेली महिलाओं का प्रवेश प्रतिबंधित है क्योंकि इस धार्मिक स्थल पर लड़कियां मस्ती और वीडियो शूट करती हैं। इन सब को रोकने के लिए प्रबंधन ने यह कदम उठाया है। मस्जिद प्रबंधन का कहना है कि परिवारों या विवाहित जोड़ों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।

वहीं, विश्व हिंदू परिषद ने इस मामले में हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) से सवाल किया है। विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल ने ओवैसी को भड़काऊ भाईजान बताते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा है कि वह मुस्लिम लड़कियों को प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाने की करते हैं और उन्हें मस्जिद में भी घुसने से रोका जा रहा है। कहां हो भाई जान।

यह हैं मामला

दिल्ली की जामा मस्जिद में अकेले लड़कियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। जामा मस्जिद प्रबंधन ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर उसकी प्रतियां (प्लेट) मस्जिद के गेट पर चिपका दी हैं। इसमें लिखा है कि लड़कियों का अकेले जामा मस्जिद में प्रवेश वर्जित है। इस प्रकार की पट्टी मस्जिद के तीनों द्वारों पर लगी होती है। इसके सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ लिया है।

Tags

Next Story