Delhi Acid Attack: भारत नगर में बेटे के साथ खड़ी महिला पर एसिड अटैक, पुलिस जांच में जुटी

Delhi Acid Attack: भारत नगर में बेटे के साथ खड़ी महिला पर एसिड अटैक, पुलिस जांच में जुटी
X
दिल्ली के भारत नगर इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति ने 36 वर्षीय एक महिला और उसके बेटे पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह झुलस गए।

दिल्ली में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में एक नया मामला सामने आया है। दिल्ली के भारत नगर इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति ने 36 वर्षीय एक महिला और उसके बेटे पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला हर गुरुवार को इलाके के साप्ताहिक बाजार में अस्थायी रूप से दुकान लगाती है। यह घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस को करीब रात आठ बजे इस तेजाब की घटना की सूचना मिली। इस दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि वह भारत नगर इलाके के गुरु बाजार में अपनी दुकान पर बैठी थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति पार्क से आया और उस पर तेजाब फेंक दिया। इसके बाद पुलिस ने बताया कि जब शख्स ने महिला पर तेजाब फेंका तो उसका बच्चा भी वहीं खड़ा था और वो भी उसकी चपेट में आ गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह निजी दुश्मनी का मामला लग रहा है। इस मामले पर पुलिस ने बताया कि महिला अस्पताल से इलाज कराकर लौट आई है। इस मामले में जांच जारी है और जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इससे पहले भी हुई दिल्ली में तेजाब की घटना

दिल्ली में किसी महिला या लड़की पर तेजाब फेंकने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी साल 2022 दिसंबर मे उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में बाइक सवार दो युवकों ने 12वीं क्लास में पढ़ने वाली 17 वर्ष की स्कूली छात्रा पर तेजाब फेंक दिया था। इसके बाद तेजाब गिरने की वजह से छात्रा बुरी तरह से झुलस गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इन आरोपियों को पकड़ने के बाद पुलिस ने बताया था कि आगरा की एक कंपनी से यह तेजाब फ्लिपकार्ट के जरिए मंगाया गया था।

Tags

Next Story