केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का आप मुख्यालय पर प्रदर्शन

नई दिल्ली। शराब घोटाले से जुड़ी प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम आने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में सैंकड़ों पदाधिकारियों ने एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी जहां से पुलिस उन्हें थाना आईपी स्टेट ले गई।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से वीरेन्द्र सचदेवा एवं रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदर्शन संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल के अलावा प्रदेश पदाधिकारी अशोक गोयल, बरखा सिंह, राजन तिवारी, जयवीर राणा, इम्प्रीत सिंह बख्शी, प्रवीण शंकर कपूर, तजिंदर पाल सिंह बग्गा आदि शामिल रहे।
वीरेन्द्र सचदेवा ने विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शुरु से कहती रही है कि शराब घोटालों के पीछे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का हाथ है और आज ई.डी द्वारा चार्जशीट में नाम आने के बाद इस बात पर मुहर लग गई। उन्होंने कहा कि ईडी ने शराब घोटालों में जिन आरोपियों को पकड़ा है जिन्होंने इस बात को कबूल किया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर बैठकर शराब की नितियां तय होती थी और साथ ही कमीशन भी तय किया जाता था और इन सब के सूत्रधार उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया है।
सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल में नैतिकता हो तो मदन लाल खुराना द्वारा 1995 मे आरोप लगने पर दिखाई नैतिकता का अनुसरण करते हुए ई.डी. चार्जशीट में नाम आने पर इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि केजरीवाल रूपी दीमक 2015 से दिल्ली के विकास को चाट रही है समय आ गया है कि अब भाजपा कार्यकर्ता केजरीवाल के भ्रष्टाचार को गली-गली में उजागर करें। सचदेवा ने कहा कि शराब घोटाले में जितने भी आरोपी है, उनमें से एक-एक करके सभी जेल में जा रहे हैं और अब वह दिन दूर नहीं जब जेल के अंदर दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी होंगे। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले के तहत दिल्ली को लूटने वाले केजरीवाल को दिल्ली की जनता माफ नहीं करेगी और आने वाले 2024 के लोकसभा और 2025 में विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएगी।
शराब घोटाले को केजरीवाल का संरक्षण प्राप्त है इसकी पुष्टि ईडी चार्जशीट हो गई : बिधूड़ी
दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा शुरू से कहती रही है कि शराब घोटाले को मुख्यमंत्री केजरीवाल का संरक्षण प्राप्त है और आज ईडी चार्जशीट ने हमारे आरोप की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को मोहम्मद गोरी, महमूद गजनी, तैमूर और अंग्रेजों ने लुटा, आजादी के बाद कांग्रेस की सरकारों ने लुटा और आज अरविंद केजरीवाल भी दिल्ली को लूट रहे हैं। विकास ठप हो चुका है और हर ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
बिधूड़ी ने कहा कि मैंने विधानसभा में संकल्प लिया था कि केजरीवाल सरकार की शराब घोटाले में भूमिका को जनता के बीच उजागर करुंगा वरना इस्तीफा दे दूंगा और आज मुझे खुशी है कि भाजपा के संघर्ष के बाद ना सिर्फ केजरीवाल सरकार शराब की घोटालों भरी नई शराब नीति को वापस लेने को मजबूर हुई बल्कि इस घोटाले में अब अरविंद केजरीवाल सहित एक के बाद एक उनके कई सिपे सलाहारो के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सरकार ने स्वयं स्वीकारा कि शराब की नई नीति से राजस्व का नुकसान हुआ जिसके लिए कही न कही केजरीवाल सरकार की कमीशन खोरी जिम्मेदार है।
हमारे कार्यकर्ता गली-गली जाकर केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार की खोलेंगे पोल : चहल
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि दिल्लीवालों को समझ नहीं आ रहा है कि आज दिल्ल सरकार में घोटाला है या घोटाले में दिल्ली सरकार है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता अब चैन से नहीं बैठेंगे और गली-गली में केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS