भाजपा ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने से पहले लिए थे इंटरव्यू, दो महीने पहले शुरू हुई थी प्रक्रिया

भाजपा ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने से पहले लिए थे इंटरव्यू, दो महीने पहले शुरू हुई थी प्रक्रिया
X
जहां अन्य राजनीतिक दल पदाधिकारी चुनने में परिवार व भाई-भतीजावाद को तरजीह देने में जुटे हैं,वहीं भाजपा ने नए दौर की राजनीति का आगाज करते हुए काबिलियत के आधार पर पार्टी में लोगों को काम का मौका देने की शुरुआत की है।

जहां अन्य राजनीतिक दल पदाधिकारी चुनने में परिवार व भाई-भतीजावाद को तरजीह देने में जुटे हैं,वहीं भाजपा ने नए दौर की राजनीति का आगाज करते हुए काबिलियत के आधार पर पार्टी में लोगों को काम का मौका देने की शुरुआत की है। पार्टी ने अब पदाधिकारियों व नेताओं के साक्षात्कार व सुझाव के जरिए बड़ी जिम्मेदारियों को बांटने की शुरुआत की है।

इसी के तहत दिल्ली भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष आदेश गुप्ता पार्टी के पहले कार्यकर्ता हैं,जिन्हें बाकायदा साक्षात्कार के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मार्च महीने में ही पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में दिल्ली भाजपा के नेताओं का साक्षात्कार लिया गया था। जिसमें नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर उनसे तमाम सवाल किए गए। फिर फीडबैक के बाद पार्टी ने आदेश गुप्ता को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने का ऐलान किया। बताया जाता है कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं का यह भरोसा बढ़ाने के लिए साक्षात्कार कर प्रदेश अध्यक्ष चुनने का फैसला किया कि इससे लोगों में काम करने का जज्बा बढ़ेगा कि उन्हें भी भविष्य में इसी तरह से मौका मिल सकता है।

इस साक्षात्कार के संयोजन का जिम्मा राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव के जिम्मे था। पिछले 1 मार्च से लेकर 15 मार्च के बीच दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में नेताओं के साक्षात्कार लिए गए। इसमें दिल्ली के सभी सात लोकसभा सदस्यों के अलावा पार्टी के विधायकों,प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव,प्रवक्ता आदि का बारी-बारी से साक्षात्कार किया गया। हर स्तर के पदाधिकारियों के लिए अलग-अलग दिन तय था। इसमे निवर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल से लेकर नेतृत्व परिवर्तन की जरूरत व केजरीवाल की छवि से पार पाने जैसे सवाल शामिल रहे।

Tags

Next Story