दिल्ली में पहली बार पेंशन के लिए लागू की गई विकेंद्रीकरण प्रक्रिया व्यवस्था

दिल्ली में पहली बार पेंशन के लिए लागू की गई विकेंद्रीकरण प्रक्रिया व्यवस्था
X
दिल्ली में पहली बार पेंशन के लिए विकेंद्रीकरण प्रक्रिया व्यवस्था लागू की गई है। इससे पेंशन लाभार्थियों की समस्या का आसानी से निवारण किया जाएगा। इस बात गुरुवार को दिल्ली के समाज कल्याण विभाग के मंत्री राजकुमार आनंद ने नॉर्थ वेस्ट जिला कार्यालय तिलक नगर का निरीक्षण करने के दौरान कही।

नई दिल्ली। दिल्ली में पहली बार पेंशन के लिए विकेंद्रीकरण प्रक्रिया व्यवस्था लागू की गई है। इससे पेंशन लाभार्थियों की समस्या का आसानी से निवारण किया जाएगा। इस बात गुरुवार को दिल्ली के समाज कल्याण विभाग के मंत्री राजकुमार आनंद ने नॉर्थ वेस्ट जिला कार्यालय तिलक नगर का निरीक्षण करने के दौरान कही। मंत्री आनंद ने कहा कि पहले पेंशन के लिए पूरे राज्य के डेटा को एक जगह फाइनेंशियल असिस्टेंट स्कीम (एफएएस) शाखा में एकत्रित किया जाता था। यहां से सभी लाभार्थियों को पेंशन जारी की जाती थी।

इस प्रोसेस में काफी समय लगता था। इस समय सीमा को कम करने के लिए ज़िला समाज कल्याण विभाग अधिकारी को पेंशन वितरण और उससे जुड़े हुए कार्यों को पूरा करने के लिए निर्देशित किया है। आनंद ने कहा कि पूरी प्रक्रिया का विकेंद्रीकरण होने से अब पेंशन लाभार्थी की समस्याओं का निपटारा करने में आसानी होगी। साथ ही पेंशन लाभार्थी को मिलने वाली पेंशन में अब तय समय पर मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से करीब 8 लाख लोगों को फायदा होगा।

मंत्री आनंद ने औचक निरीक्षण के दौरान लोगों की सुनीं समस्याएं

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद ने गुरुवार को समाज कल्याण विभाग के उत्तर पश्चिम जिला तिलक नगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां आयें लोगों की समस्या सुनी और समस्याओं के तुरंत निवारण का आदेश दिया। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री आनंद ने विकेंद्रीकरण प्रक्रिया व्यवस्था का जायज़ा लिया। इस व्यवस्था में चल रहे काम के बारे में भी जानकारी लेते हुए स्वयं कंप्यूटर के माध्यम से प्रोसेस से मिल रहे रिस्पांस से वाकिफ हुए। उन्होंने यह भी सुनिचित किया कि अगर कोई लाभार्थी किसी समस्या को लेकर आता है तो उसका तुरंत निवारण करें और फॉर्म पर चिन्हित कर बेहतर सेवाएं प्रदान करें।

उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशन का लाभार्थियों में जिनका आधार कार्ड लिंक नहीं है उनसे फ़ोन कॉल और अन्य माध्यमों से संपर्क कर जल्द से जल्द आधार कार्ड को लिंक किया जाए। आपको बता दें कि क़रीब 50 हज़ार पेंशनधारियों के आधार नंबर सब्सिडी पोर्टल पर लिंक नहीं होने के कारण उनकी पेंशन बैंक द्वारा समाज कल्याण विभाग को वापस कर दी गई है। जिनको विभाग द्वारा संपर्क करके आधार नंबर लिंक कराने के लिए अनुरोध किया जा रहा है।

लोगों को आ रही समस्याओं को दुरूस्त किया जा रहा है

समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद ने कहा कि दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली की जनता को बेहतर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता को आ रही समस्याओं को लेकर लगातार विभाग के अधिकारी उनका अध्ययन कर उसे दुरूस्त कर रहे हैं, जिससे दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधा तय समय सीमा के अंदर मिलती रहे। पेंशन लाभार्थियों को ज्यादा समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसलिए विभागीय अधिकारियों द्वारा तुरंत समाधान किया जाएगा।

Tags

Next Story