Delhi: वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल पर बोला हमला, बताया भ्रष्ट

दिल्ली (Delhi) को भ्रष्टाचार, अकर्मण्यता, अराजकता में धकेलने वाले सीएम अरविंद केजरीवाल ने सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है और अब यदि वह इस्तीफा नहीं देंगे तो लोकतांत्रिक मान्यता अनुसार जनता इन्हें 2024-25 के चुनावों में नकार देगी। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने हर मोर्चे पर विफल, अकर्मण्य और भ्रष्ट दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार से इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यालय पर मंगलवार को प्रचंड प्रदर्शन करने के दौरान ये बातें कही। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल इस्तीफा दो के नारे लगाएं। बता दें कि दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी कार्यालय पर यह प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी कार्यालय की ओर बढ़ रहे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार छोड़ी और कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। यहां पुलिस वीरेन्द्र सचदेवा एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर आईपी एस्टेट थाने ले गई और कुछ समय बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आज अगर दिल्ली त्रस्त है, प्रशासन ठप्प है, भ्रष्टाचार चरम पर है तो इसके जिम्मेदार अरविंद केजरीवाल हैं। प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा द्वारा संचालित प्रदर्शन को विधानसभा में नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, नगर निगम में नेता विपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता एवं आदेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता पवन शर्मा एवं साबिर अली, दिनेश प्रताप सिंह आदि ने सम्बोधित किया। प्रदर्शन में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं में प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्ता, मोर्चा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष आदि शामिल थे।
भाजपा ने केजरीवाल सरकार पर रखी 7 सूत्री चार्जशीट
सचदेवा ने प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए केजरीवाल सरकार पर 7 सूत्री चार्जशीट रखी जिसके अंतर्गत उन्होंने बताया कि केजरीवाल सरकार ने लापरवाही एवं भ्रष्टाचार के चलते 45 वर्ष बाद दिल्ली को बाढ़ की ओर धकेला। केजरीवाल सरकार की लापरवाही एवं भ्रष्टाचार के चलते किराड़ी जैसी अधिकृत कॉलोनियों में जलजमाव से जान माल का हो रहा नुकसान, गरीब सर्वाधिक प्रभावित। केजरीवाल सरकार ने जानबूझकर विकास फंड हिस्सा ना देकर दिल्ली की मैट्रो रेल, रैपिड रेल, हाईवे, शहरी टनल रोड़ आदि विकास योजनाओं को बाधित किया। केजरीवाल सरकार ने सत्ता पाते ही दिल्ली नगर निगम को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया आज दिल्ली में हर ओर कूड़े के ढ़ेर ही ढ़ेर दिखते हैं। केजरीवाल सरकार की भ्रष्टाचार भरी शराब नीति के चलते जहां हजारों करोड़ का राजस्व नुकसान हुआ तो अब न्यायालय से मुख्य अभियुक्त मनीष सिसोदिया को जमानत ना मिलने से स्पष्ट है कि केजरीवाल सरकार भ्रष्ट है।
केजरीवाल सरकार ने कोविडकाल में राहत कार्य की उपेक्षा करते हुए जिस तरह 45 करोड़ के प्रारंभिक एवं कुल लगभग 125 करोड़ की लागत से जो मुख्यमंत्री आवास बनाया है उससे लोगों का केजरीवाल सरकार पर से विश्वास उठ गया। केजरीवाल सरकार ने लापरवाही एवं अराजकता से दिल्ली में प्रशासनिक गतिरोध ला दिया है, पेय जल सप्लाई सुनिश्चित करने में विफल रही है, निजी बिजली कम्पनियों से सांठगांठ कर जनता को लूट रही है, परिवहन के सस्ते साधन डीटीसी को बर्बाद कर दिया हैं। वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि आज दिल्ली वाले अरविंद केजरीवाल से अपने सवालों का जवाब ही नहीं मांग रहे बल्कि इस्तीफा मांग रहे हैं
Also Read:Punjabi Bagh Building Collapse: पंजाबी बाग में बड़ा हादसा, बिल्डिंग गिरने से 2 लोगों की मौत, दो घायल
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS