नगर निगम चुनाव में हार के बाद दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने नगर निगम चुनाव में पार्टी की हार के बाद रविवार को इस्तीफा दे दिया। वहीं, प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने बुधवार को घोषित हुए चुनाव परिणाम में दिल्ली नगर निगम में भाजपा का 15 साल का शासन खत्म कर दिया। आप ने इस चुनाव में 134 सीट जीतीं और भाजपा ने 104 सीट पर जीत दर्ज की। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक आदेश में कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश के अनुसार दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद से आदेश गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार किया जा रहा है। दिल्ली प्रदेश के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को अगले आदेश तक प्रदेश का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भाजपा में ही साधारण कार्यकर्ता अध्यक्ष पद तक पहुंच सकता है : गुप्ता
यह भाजपा में ही हो सकता है कि उन जैसे साधारण कार्यकर्ता को भी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अपना इस्तीफा देने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, समस्त दिल्ली प्रदेश के कार्यकर्ताओं, सहयोगियों का धन्यवाद और आभार वयक्त करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता ने जी जान से पार्टी के लिए काम किया, लिहाजा भाजपा ने विपरीत परिस्थियों में भी 104 सीटों पर जीत दर्ज की। आदेश गुप्ता ने कहा कि वो भाजपा के एक सिपाही के तौर पर हमेशा पार्टी के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने अपने कार्यकाल में सहयोग करने के लिए मीडिया के बंधुओं के सहयोग का भी आभार भी जताया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS