Delhi Coronavirus: नये मामलों में महाराष्ट्र और केरल से आगे निकली दिल्ली, सत्येंद्र जैन बोले- जल्द होंगे हालात सामान्य

दिल्ली में अब महाराष्ट्र और केरल से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं, जहां 24 घंटे में 7,745 नए मामले सामने आए। वहीं कोविड-19 के एक दिन में सामने आए 45,903 नए मामलों में से 70 प्रतिशत मामले 10 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से सामने आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली ने सात नवम्बर को भी महाराष्ट्र और केरल को पीछे छोड़ दिया था।
उधर, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि ऐसा लगता है कि हम दिल्ली में कोरोना वायरस की पीक पर चल रहे हैं, पहले भी जो पीक आई थी वो चार-पांच दिन चली थी। तो मान सकते हैं कि ये पीक चार-पांच दिन चलेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली में सर्वाधिक 7,745 नए मामले सामने आए। इसके बाद महाराष्ट्र और केरल इस सूची में क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे।
मंत्रालय ने कहा कि कोविड के दौरान उचित तरीके से पेश आने के लिए चलाए गए जन -आंदोलन से नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि इससे उपचाराधीन मामलों में गिरावट आएगी, जो अभी 5,09,673 हैं। यह कुल मामलों का 5.96 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के संक्रमित मामलों की दर में गिरावट के साथ ही नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।
देश में संक्रमित पाए जाने की दर गिरकर 7.19 प्रतिशत हो गई है। देश में कोविड-19 के मरीजों के ठीक होने की दर 92.56 प्रतिशत है। अभी 79,17,373 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जो आंकड़ा उपचाराधीन 74,07,700 लोगों से अधिक हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अपडेट आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 के 45,903 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 85,53,657 हो गए। वहीं 490 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,26,611 हो गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS