नाबालिग की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, बहन से छेड़छाड़ होने पर किया था विरोध

Delhi Kalkaji Murder Case दिल्ली के कालकाजी इलाके में बहन से छेड़छाड़ करने का विरोध करने पर तीन लड़कों ने उसके नाबालिग भाई की पिटाई की और चाकू मार दिया था। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार (Three Accused Arrested) कर लिया गया है जिनकी पहचान किशन (20), जीशान (18) एवं रितिक (18) के रूप में की गयी है। ये तीनों गोविंदपुरी के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इनके अलावा मामले में दो किशोरों को भी पकड़ा गया है।
एम्स में हो गई थी मौत
पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार को एक स्कूल के नजदीक हुई और घायल लड़का कालकाजी का रहने वाला है एवं उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की बहन ने अपने बयान में कहा कि वह अपने 17 वर्षीय भाई के साथ आ रही थी तभी तीन लड़कों ने उनका पीछा किया और आपत्तिजनक टिप्पणी की। लड़की के अनुसार, जब उसके भाई ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसकी पिटाई की और एक लड़के ने उसके पेट में चाकू मार दिया। इसके बाद वे फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वह अभी बयान दर्ज कराने की स्थिति में नहीं है।
महिला आयोग ने मांगी जानकारी
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व दिल्ली) आरपी मीणा ने बताया कि कई धाराओं में मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के पिता आईसक्रीम की दूकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया एक किशोर और पीड़ित एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। इस बीच दिल्ली महिला आयोग ने कहा है कि इसने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर इस घटना के संबंध में तीन मार्च तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष अनुराग कुंडू ने ट्वीट किया कि उन्होंने पीड़ित परिवार से एम्स में मुलाकात की और राजधानी की खराब होती कानून व्यवस्था पर चिंता जतायी।
दिल्ली की कानून-व्यवस्था खराब: केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति 'गंभीर' है और इस क्रम में उन्होंने हाल ही में आठ साल की बच्ची की हत्या और एक किशोर को चाकू घोंपने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया। दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS