MCD में आप का कब्जा, मेयर और डिप्टी मेयर का जीता चुनाव, जानें कौन हैं AAP के पहले महापौर और उपमहापौर

बीजेपी और आम आदमी पार्टी में कई दिन तक चले सियासी दंगल के बाद आज दिल्ली नगर निगम के मेयर का फैसला हो गया। दिल्ली नगर निगम में तीन बार से टल रहे चुनाव में आज आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय ने जीत हासिल कर ली है। इस चुनाव में आज कुल 266 वोट डाले गए। इसमें आप की शैली ओबेरॉय ने 150 वोट के साथ बढ़त बनाई। इसके साथ ही भाजपा की मेयर पद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 116 वोट प्राप्त हुए।
इसके साथ ही दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी को उसका नया डिप्टी मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मोहम्मद इकबाल ने डिप्टी मेयर पद का चुनाव जीता है। इस जीत पर आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है। साथ ही इस जीत पर पार्टी ने भाजपा पर तीखी प्रतिक्रिया भी व्यक्त की है।
कौन हैं शैली ओबेरॉय
आम आदमी पार्टी की तरफ से मेयर पद के लिए शैली ओबेरॉय को बतौर उम्मीदवार खड़ा किया गया था। शैली ओबेरॉय को काफी मंथन के बाद अपनी पार्टी से उम्मीदवार बनाया गया। जनता ने शैली को वार्ड संख्या 86 से पार्षद चुना था।
39 साल की शैली ओबेरॉय दिल्ली यूनिवर्सिटी में विजिटिंग असिस्टेंट प्रोफेसर थीं। वह भारतीय वाणिज्य संघ की आजीवन सदस्य भी हैं। उन्होंने स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में डॉक्टरेट की पढ़ाई की है। वह विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में सर्वश्रेष्ठ पेपर पुरस्कार की प्राप्तकर्ता भी हैं और उन्होंने आईसीए सम्मेलन में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज से बीकॉम पूरा किया।
जानिए कौन हैं आले मोहम्मद इकबाल
आले मोहम्मद इकबाल दिल्ली के वार्ड 76 चांदनी महल की सीट से पार्षद है। आले मोहम्मद आम आदमी पार्टी के विधायक शोएब इकबाल के बेटे हैं। शोएब इकबाल 6 बार से विधायक की सीट पर बरकरार हैं। इनको दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष का पदभार भी मिल चुका है। आले इकबाल का मुकाबला इस चुनाव में बीजेपी के इरफान मलिक और कांग्रेस के मोहम्मद हामिद से हुआ था। उन्होंने इस बार 17 हजार 134 वोटों के अंतर से सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। आले मोहम्मद इकबाल अपने इलाके से तीन बार से पार्षद हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS