दिल्ली नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान, कोरोना महामारी के बीच ही डाले जाएंगे वोट

दिल्ली नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान, कोरोना महामारी के बीच ही डाले जाएंगे वोट
X
दिल्ली के तीनों नगर निगमों के महापौर और उप महापौर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है।

नई दिल्ली। दिल्ली के तीनों नगर निगमों के महापौर और उप महापौर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। 17 जून तक नामांकन होंगे और 24 जून को चुनाव होंगे। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में महापौर व उप महापौर चुनाव के 24 जून को दोपहर 2 बजे होंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरी दिल्ली नगर निगम, दक्षिणी नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने चुनाव के लिए अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर, उपमहापौर के अलावा स्थायी समिति के चार सदस्यों के चुनाव के लिए निगम सचिव ने अधिसूचना जारी की। 17 जून को नामांकन की अंतिम तिथि है। जबकि 24 जून को चुनाव होगा।

बता दें कि महापौर और उप महापौर के चुनाव अप्रैल महीने में होनी थी लेकिन कोरोना प्रकोप की वजह से टाल दिया गया था। चूंकि अब लॉकडाउन के बाद अनलॉक हो गया और मॉल और बाजार भी खुल गए हैं तो अब चुनाव प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। उत्तरी दिल्ली में फिलहाल अवतार सिंह महापौर हैं तो वहीं पूर्वी दिल्ली में अंजू कमलकांत और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में सुनीता कांगड़ा महापौर हैं।

बता दें कि दिल्ली में हर वर्ष महापौर-उप महापौर का चुनाव होता है। वर्ष 2017 में चुने गए निगम सदस्यों के लिए यह चौथे महापौर के लिए चुनाव होगा। इस बार स्थायी समिति के तीन सदस्यों के पद भी खाली हुए हैं उनका भी चुनाव कराया जाएगा।

जरूरत पड़ी तो केदारनाथ साहनी सभागार में कराया जाएगा चुनाव

कोरोना के संकट में शारीरिक दूरी के नियमों का पालन हो इसके लिए उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर के महापौर का चुनाव केदारनाथ साहनी सभागार में किया जा सकता है। निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम चुनाव से पूर्व सिविक सेंटर स्थित सदन में इसका अभ्यास करेंगे। अगर, वहां पर लगता है कि प्रक्रिया शारीरिक दूरी के नियमों के मुताबिक पूरी नहीं हो पाएगी तो सिविक सेंटर में ही स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में यह प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसमें 900 लोग बैठ सकते हैं। जबकि निगम सदन के हॉल की क्षमता करीब 250 लोगों की है।

Tags

Next Story