Delhi: मेयर चुनाव को लेकर बोले अरविंद केजरीवाल, 'BJP हमारे पार्षदों को खरीद नहीं पा रही, इसलिए चुनाव नहीं होने दे रही'

Delhi News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने नगर निगम के मेयर पद (Mayor Election) के चुनाव को लेकर गुरुवार को कहा कि भाजपा (BJP) वाले बताएंगे कि वे चुनाव (Election) होने देंगे या नहीं होने देंगे। हर बार भाजपा के लोग ही चुनाव को रोकते हैं। हम तो चुनाव कराना चाहते हैं। पिछली बार हम सबने देखा कि की भाजपा के लोग जानबूझकर शोर कर रहे थे। अब उनको मान लेना चाहिए कि वे चुनाव हार गए हैं। वे जैसे अन्य राज्यों में करते हैं। चुनाव हार जाते हैं, लेकिन फिर भी सरकार उनकी ही बनती है। वे खरीद-फरोख्त कर अपनी सरकार बना लेते हैं। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा हमारे पार्षदों की खरीद-फरोख्त नहीं कर पा रही हैं, तो सदन ही नहीं चलने दे रहे हैं और मेयर का चुनाव ही नहीं होने दे रहे हैं।
दिल्ली के लोगों से क्या दुश्मनी है- केजरीवाल
इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा कल (1 फरवरी) पेश किए गए बजट को लेकर कहा कि पूरे देश से केंद्र सरकार इनकम टैक्स इकट्ठा करती है, लेकिन केंद्र सरकार उसका इस्तेमाल नहीं कर सकती। केंद्र सरकार को उसे सारे राज्यों में बांटना होता है।
सीएम ने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा टैक्स दिल्ली के लोग देते हैं। पिछले साल दिल्ली के लोगों ने 1.75 लाख करोड़ रुपए का इनकम टैक्स दिया और उसमें से दिल्ली को केंद्र सरकार ने केवल 325 करोड़ रुपए दिए। 325 करोड़ रुपए ही पिछले 20 साल से हर साल मिल रहे हैं। यह कहावत है कि सोने की अंडे देने वाली मुर्गी को मारना नहीं चाहिए। दिल्ली तो एक तरह से सोने के अंडे देती है। अगर उसका ही गला घोंट दोगे, तो कैसे काम चलेगा। आप दिल्ली में जितना ज्यादा निवेश करोगे, उतना ही ज्यादा दिल्ली टैक्स देगी। आप दिल्ली में निवेश ही नहीं करोगे और दिल्ली का गला घोंट दोगे, तो कैसे काम चलेगा।
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने कल अपने बजट में देश के सभी नगर निगमों को पैसा दिया, केवल दिल्ली को पैसा नहीं दिया। मैं केंद्र सरकार से पूछना चाहता हूं कि आपकी दिल्ली के लोगों से क्या दुश्मनी है। केवल दिल्ली नगर निगम को पैसा नहीं दिया गया। बाकी पूरे देश के सारे नगर निगमों को पैसा दिया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS