Delhi: कई संगीन मामलों में शामिल दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, 2014 से थे फरार

Delhi: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराध में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 2014 से फरार चल रहे थे। चार मामलों में इन्हें भगोड़ा अपराधी घोषित किया जा चुका था। इनके पास से दो पिस्टल व आधा दर्जन कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल इस गिरफ्तारी के बाद दो मामले सुलझाने का दावा पुलिस ने किया है।
स्पेशल सीपी रविंद्र यादव के अनुसार, पकड़े गए बदमाशों के नाम साहिल अरोड़ा उर्फ पंकज अरोड़ा निवासी तिलक नगर और प्रिंस उर्फ सोनू बर्फी निवासी टैगोर गार्डन एक्सटेंशन है। दोनों अपराधी विभिन्न थानों के सात से अधिक मामलों में संलिप्त पाए गए। साहिल गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2014 से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। चार अलग-अलग मामलों में इसे भगोड़ा अपराधी घोषित किया जा चुका था।
इनके बारे में हेड कांस्टेबल प्रवीण को सूचना मिली कि वसंत कुंज दक्षिण थाना एरिया के एक मामले सहित हत्या के प्रयास जैसे कई अन्य मामलों में संलिप्त अपराधी द्वारका गोल्फ कोर्स रोड के पास आएगा। इसके बाद डीसीपी अमित गोयल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। संभावित जगह पर जाल बिछाकर साहिल व प्रिंस को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान साहिल ने बताया कि 2014 में अपने साथियों गोपी, निक्कू और सचिन के साथ मिलकर दो लोगों पर गोली चलाई थी। मौके से भागने के दौरान हवाई फायरिंग भी की थी। इस सन्दर्भ में तिलक नगर थाने में केस दर्ज हुआ था। दोनों आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया था। अदालत द्वारा जमानत पर रिहा होने के बाद वह कभी अदालत में पेश नहीं हुआ। परिणामस्वरूप इसे भगोड़ा करार दिया गया था।
यह भी पढ़ें :- Delhi: सात साल के मासूम का अपहरण कर मांगी फिरौती, रिश्तेदार ही निकला मास्टरमाइंड, तीन आरोपी गिरफ्तार
इसके दो वर्ष बाद फिर साहिल ने अपने सहयोगियों प्रिंस, विक्की व अन्य के साथ मिलकर एक शख्स पर पहले गोली चलाई और बाद में उस पर बेसबॉल बैट व डंडों से हमला किया था। यह मामला भी तिलक नगर का था। 2017 में साहिल ने एक अन्य व्यक्ति पर गोली चलाई थी। वह उनके विरोधी गैंग का मेंबर था। 2018 में भी इसने विकास एन्क्लेव, रणहौला के क्षेत्र में एक शख्स के घर पर फायरिंग की थी।
इसी साल तीन जून को साहिल अरोड़ा ने अपने सहयोगियों विक्की, प्रिंस उर्फ मंजीत को अमनदीप बत्रा के इशारे पर एक शख्स पर गोली चलाने का निर्देश दिया था। आरोपी व्यक्तियों ने काफी दूर तक शिकायतकर्ता की कार का पीछा किया और उस पर गोलियां चलाई थी। हालांकि, पीड़ित इस हमले में बच निकला था। यह केस वसंत कुंज दक्षिण थाने में दर्ज हुआ था। बाद में इसकी जांच अपराध शाखा को सौपी गई थी। इसके अलावा भी कई संगीन वारदातों का आरोप साहिल व इसके दूसरे साथी पर है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS