Delhi Pollution Update: दिल्ली की हवा खतरनाक स्तर पर बरकरार, पराली जलाने की घटनाएं बढ़ी, जानें आज का AQI

(Delhi Pollution Update) राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता रविवार को भी बहुत खराब बनी रही। हालांकि स्थिति में सोमवार तक सुधार होने की उम्मीद है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह साढ़े आठ बजे 366 मापा गया। वहीं दूसरी तरफ पराली जलाने की सामान्य से अधिक घटनाओं के कारण बेहतर वायु संचार का प्रभाव समाप्त होने की वजह से दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है।
बीते दिन पीएम 2.5 प्रदूषक कणों में पराली जलाने की हिस्सेदारी 32 फीसदी रही
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता निगरानी एजेंसी 'सफर' के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में पीएम 2.5 प्रदूषक कणों में पराली जलाने की भागीदारी 32 प्रतिशत रही, जो शुक्रवार को 19 प्रतिशत और बृहस्पतिवार को 36 प्रतिशत थी। केंद्र सरकार की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार शुक्रवार को पराली जलाने की घटनाएं पंजाब (लगभग 4,266), हरियाणा (155), उत्तर प्रदेश (51) और मध्य प्रदेश में (381) रहीं जो असामान्य रूप से अधिक हैं, जिसके कारण दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में वायु गुणवत्ता खराब हुई।
नासा ने पंजाब और हरियाणा में अधिक पराली जलाने की पुष्टि
नासा से प्राप्त उपग्रह चित्रों में पंजाब में और हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पराली इत्यादि जलाने की घटनाओं की पुष्टि हुई। सफर ने बताया कि बेहतर वायु संचार के बावजूद दिल्ली के एक्यूआई में सुधार नहीं हुआ, लेकिन इसमें आगामी दो दिन में सुधार की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार को हवा की दिशा मुख्य रूप से पश्चिमोत्तर रही और हवा की अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही। ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण प्रदूषक जमीन के निकट रहे, जबकि वायु की अनुकूल रफ्तार के कारण इनके बिखराव में मदद मिली।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS