न नौकरी और न दोस्त अकेलेपन से परेशान होकर क्षितिज ने मां की हत्या कर 4 दिन बाद उठाया ये कदम , 77 पेज के सुसाइड नोट में बयां किया दर्द...

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 24 में क्षितिज नाम के एक युवक ने पहले अपनी मां की बर्बर तरीके से हत्या की और फिर शव के साथ तीन दिन का वक्त बिताया। उसके बाद क्षितिज ने चौथे दिन अपना गला रेतकर खुद भी आत्महत्या कर ली। रविवार को पुलिस ने क्षितिज और उसकी मां का शव उनके फ्लैट से बरामद किया। दोनों की लाश के साथ पुलिस को क्षितिज का लिखा हुआ 77 पेज का एक सुसाइड नोट मिला था। इस सुसाइड नोट में क्षितिज ने मरने से पहले की कई चौंकाने वाली बातों का जिक्र किया है। सुसाइड नोट में कई बातें ऐसी हैं, जिन्हें पढ़कर पुलिस भी हैरान है।
क्या हैं सुसाइड नोट की मुख्य बातें
77 पेज के इस सुसाइड नोट में क्षितिज ने बताया है कि उसने अपनी मां की हत्या 1 सितंबर को की थी। गुरुवार को उसने घर में रखे वायर से मां का गला दबाया, उसके बाद घर में ही रखे एक नुकीले कटर से गला काट दिया। हत्या के कुछ घंटे बाद ही मां की लाश से बदबू आने लगी तो उसने गंगा जल छिड़का, फिर लाश के पास बैठकर भागवत गीता का पाठ किया। हालांकि वह पाठ पूरा नहीं कर पाया, क्योंकि लाश से बदबू तेज आने लगी थी। बदबू हटाने के लिए उसने डिओड्रेन भी छिड़का था। इसके बाद वह दो दिन तक मां की लाश के साथ ही रहा था। क्षितिज ने सुसाइड नोट में लिखा है कि, उसका कोई दोस्त नहीं था, पिता की मौत के बाद घर में आर्थिक तंगी आ गई थी। इससे वह बेहद परेशान था। मां बीमार रहने लगी थी, उसे खुद बीमारी ने जकड़ लिया था, इलाज करवाने के लिए पैसे तक नहीं थे। वो मां को बीमारी वाले शरीर से मुक्ति दिलाना चाहता था। इसलिए इस वारदात को अंजाम दिया।
क्यों दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट पढ़ने के बाद ऐसा लगता है की क्षितिज काफी अकेला हो चुका था। एक तरह से वह साइकोलॉजिकल डिसऑर्डर का शिकार हो चुका था। अपने हालात की वजह से वह डिप्रेशन में चला गया था। इस डिप्रेशन का कोई सीधा हल उसे नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में उसने पहले मां की हत्या की और फिर खुद सुसाइड करके अपनी जीवन लीला खत्म कर दी। क्षितिज बीते दो सालों से आत्महत्या करना चहता था, इसके लिए वह गूगल पर सुसाइड करने के कई तरीके सर्च कर चुका था। वह बेरोजगार होने के साथ ही उसका कोई दोस्त नहीं था। इस से वह अपने मन की बातें भी किसी से कह नहीं पाता था।
पड़ोसी महिला ने दी थी पुलिस को सूचना
वारदात की खबर पुलिस को एक पडोसी महिला से मिली थी। क्षितिज के पड़ोस में रहने वाली ये महिला उसकी मां के साथ रोज सत्संग में जाती थी। गुरुवार को भी उसने सत्संग में जाने के लिए क्षितिज को कॉल कर मां को भेजने को कहा। इस पर क्षितिज ने जवाब दिया की वो तो मर गईं और अब मैं भी मर रहा हूं। इसके बाद महिला ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मां बेटे का शव बरामद किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS