Honey Trap: हनी ट्रैप में फंसा कर वसूली करने वाले गैंग का पर्दाफाश, महिला समेत चार गिरफ्तार

हरिभूमि न्यूज नई दिल्ली: शाहदरा जिले की सीमापुरी पुलिस ने हनी ट्रैप में फंसा कर वसूली करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने एक शख्स से 10 लाख की डिमांड की थी। गैंग में शामिल महिला समेत कुल चार लोग अरेस्ट किए गए हैं। इनमें एक पुलिसकर्मी का रोल अदा करता था। पकड़े गये आरोपियों में राजौरी गार्डन निवासी सन्नी सुनेजा, मोहम्मद शफीक, आजादपुर निवासी दीपक बुद्धिराजा व हेमलता है। इनके पास से पुलिस की वर्दी, कार व चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
डीसीपी रोहित मीणा के अनुसार 29 जनवरी को बलबीर नगर एक्सटेंशन निवासी नंद किशोर (46) की शिकायत पर सीमापुरी थाने में ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें पीड़ित ने बताया कि उसे इंटरनेट पर एक महिला का नंबर मिला था। इनके बीच वाट्सएप पर चैट होने लगी। अगले ही दिन दोनों सिग्नेचर ब्रिज पर मिले। इसके बाद 29 जनवरी को महिला ने उसे मिलने के लिए डीटीसी डिपो सीमापुरी बुलाया। यहां महिला अपनी एक फ्रेंड के साथ पहुंची थी। महिला ने शिकायतकर्ता को अपनी दोस्त के साथ उसके घर भेज दिया। दोनों घर में मौजूद थे। तभी अचानक से वहां चार पांच लोग आ धमके। एक ने खुद को क्राइम ब्रांच से बताया, दूसरे ने मकान मालिक, पुलिस की वर्दी पहने शख्स ने दिल्ली पुलिस सब इंस्पेक्टर और महिला ने खुद को एनजीओ से जुड़ा बताया। पीड़ित को नाबालिग लड़की के साथ रिलेशन बनाए जाने पर उसे पॉक्सो एक्ट में फंसाने का डर दिखाया गया।
उसकी पिटाई भी कर दी गई। इसके बाद 10 लाख रुपए की डिमांड की गई। पीड़ित ने मना किया तो नकली पुलिसकर्मी ने उसे हेडक्वार्टर ले जाने की बात कह गाड़ी में बैठा लिया। डर की वजह से शिकायतकर्ता पैसों का इंतजाम करने के लिये राजी हो गया। वर्दीधारी ने जैसे ही कार रोकी तभी पीड़ित कार से बाहर निकल शोर मचाने लगा। लोग मौके पर जमा हो गए और नकली पुलिसकर्मी को पकड़ लिया गया। इसके बाद पीसीआर कॉल कर दी गई। मौके पर आई पुलिस ने आरोपी सन्नी सुनेजा को पकड़ लिया। इससे हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने रैकेट में शामिल अन्य आरोपियां को भी धर दबोचा। इनमें आरोपी सन्नी सुनेजा सब इंस्पेक्टर, मोहम्मद शफीक एनजीओ सदस्य, दीपक कार ड्राइवर और हेमलता लोगों को अपने जाल में फंसाने का काम करती थी। वह लाजपत नगर में भी वसूली के एक मामले में शामिल रह चुकी है। आरोपी हेमलता बुराड़ी में ब्यूटी पार्लर चलाती है और पहले भी अरेस्ट हो चुकी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS