Delhi Weather: दिल्ली में जमकर बरसेंगे बदरा, 24 घंटे में आंधी और तेज बारिश का अलर्ट

Delhi Weather: मौसम विभाग (Weather Department) ने दिल्ली (Delhi) में अगले 24 घंटे के लिए बारिश (Rain Alert) और तेज हवाओं का अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने बताया कि दिल्ली में मौसम का हाल जल्द ही बदलने वाला है। ऐसे में लोगों को इससे सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है। बता दें कि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में 30 मई तक बारिश के आसार बताए जा रहे हैं। बीती रात दिल्ली समेत यूपी के कई जिलों में गरज के साथ बारिश भी देखने को मिली थी। अब मौसम विभाग ने एक बार फिर से मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। इससे साफ है कि दिल्ली में आज भी तेज हवा और बारिश का दौर जारी रहेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मई माह में चिलचिलाती गर्मी से जूझने के बाद दिल्ली (Delhi) के लोगों को गुरुवार को बारिश के साथ-साथ आंधी और तेज हवाओं के साथ राहत की सांस ली। इससे राजधानी में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली व उसके आसपास के क्षेत्रों सहित उत्तर-पश्चिम भारत में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
बिहार में हुई बारिश
बिहार (Bihar) में पिछले 48 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी के सितम से कुछ राहत मिली। प्रदेश की राजधानी पटना, शेखपुरा, नवादा, जमुई, वामिकी नगर में बारिश हुई। मौसम (Mausam) विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही, शुक्रवार को 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ हल्की बूंदे पड़ने के आसार हैं। दक्षिण बिहार में शुक्रवार तक और उत्तर-पूर्वी बिहार में रविवार तक बारिश के जारी रहने के आसार बने हुए हैं। बिहार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज अधिकतम तापमान 34-38 डिग्री के बीच रहने के आसार बने हुए हैं।
हिमाचल में बारिश से भूस्खलन
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के कई इलाको में मध्यम स्तर की बारिश (Rain) दर्ज की गई थी, जिसकी वजह से भूस्खलन हुआ और मार्गों बाधित हुए। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल के सिरमौर में 11, कुल्लू में तीन, चंबा और शिमला में दो-दो और कांगड़ा में एक सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। साथ ही, बिजली सेवा भी काफी प्रभावित हुई है। 26 से 28 मई तक अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ-साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
बारिश ने पंजाब, हरियाणा को ठंडा रखा
पंजाब और हरियाणा (Haryana) के कुछ हिस्सों में गुरुवार को बारिश हुई, जिससे तापमान में कमी दर्ज की गई थी। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ और इसके आसपास के इलाकों में गुरुवार दोपहर धूल भरी आंधी भी चली। साथ ही, दोनों राज्यों में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य सीमा से कम था। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रात और दिन में भी बारिश हुई।
ये भी पढ़ें...Mausam Ki Jankari: दिल्ली में तपिश में कमी, कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS