Mundka Fire: मुंडका अग्निकांड में मारे गए 26 लोगों की पहचान करेगी डीएनए जांच, सैंपल लिए गए

Mundka Fire: मुंडका अग्निकांड में मारे गए 26 लोगों की पहचान करेगी डीएनए जांच, सैंपल लिए गए
X
मुंडका अग्निकांड के तीन दिन बाद भी शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव इतनी बुरी तरह से जले हैं कि यह पता लगाना भी मुश्किल है कि शव किसी पुरुष का है या महिला का। ऐसे में डीएनए सैंपल एकत्र किए गए हैं। उधर, एनएचआरसी ने भी इमारत का जायजा लिया है। पढ़िये यह रिपोर्ट...

Delhi Mundka Fire News: दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन (Mundka Metro Station) के पास चार मंजिला बिल्डिंग में हुए अग्निकांड (Fire In Four Storey Building) में मारे गए 26 लोगों के परिजनों का डीएनए सैंपल लिया गया है। इसके पीछे का कारण यह है कि इस अग्निकांड के तीन दिन बाद भी मृतकों की पुख्ता पहचान नहीं हो सकी है। केवल आठ लोगों की शिनाख्त हुई है, लेकिन इस पर भी पूरा भरोसा नहीं है। ऐसे में 26 मृतकों के परिजनों का डीएनए सैंपल (DNA Sample) लिया गया है। हालांकि एक शव के परिजन नहीं मिला है, इसलिए डीएनए सैंपल नहीं हो सका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा का कहना है कि मुंडका अग्निकांड में हमने मृतकों की पहचान के लिए 26 डीएनए नमूने एकत्र किए हैं। एक लापता महिला का डीएनए नमूना एकत्र नहीं हो सका है क्योंकि अब तक उनका कोई ब्लड रिलेशन नहीं मिला है।

उधर, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की एक टीम ने मुंडका अग्निकांड वाली इमारत की सोमवार को जांच-पड़ताल की। एनएचआरसी के डीआईजी एसके मीणा ने पूरे भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हम इस मामले की जांच करने पहुंचे हैं कि यहां पर कोई संभावित मानवाधिकार उल्लंघन तो नहीं हो रहा था। टीम पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी।

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल के वर्षों में देखी गई यह सबसे घातक अग्नि त्रासदी थी। 13 मई को इस हुए अग्निकांड में 27 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 12 लोग घायल हुए थे। इस अग्निकांड में मारे गए लोगों के शव पूरी तरह झुलस गए थे। यह पता लगाना भी मुश्किल था कि जले पार्थिव शरीर पुरुष के हैं या महिला के। ऐसे में डीएनए सैंपल कलेक्ट किए गए हैं ताकि शवों की पहचान हो सके।

Tags

Next Story