निगम चुनाव के नतीजों से पहले ही कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में छाई वीरानी, नेता गायब

निगम चुनाव के नतीजों से पहले ही कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में छाई वीरानी, नेता गायब
X
दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजों से पहले ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में वीरानी छाई हुई है। छोटे बड़े नेताओं का कहीं अता पता नहीं है, जबकि कार्यकर्ता भी नदारद हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजों से पहले ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में वीरानी छाई हुई है। छोटे बड़े नेताओं का कहीं अता पता नहीं है, जबकि कार्यकर्ता भी नदारद हैं। अपनी खाई हुई राजनीतिक जमीन को इन निगम चुनाव में जीत कर वापस पाने का सपना देखने वाले कांग्रेसियों के चेहरे मतगणना पूर्व सामने आए अनुमानित नतीजों से लटक गए है। जहां एक तरफ दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव में घोर वीरानी छाई हुई है वहीं ठीक बगल में मौजूद आम आदमी पार्टी के मुख्यालय पर जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है।

आप कार्यालय के बाहर छोटी बड़ी गाड़ियों की भीड़ के साथ ही अंदर बाहर कार्यकर्ताओं का हुजूम अभी से देखा जा सकता है। जबकि ठीक इसके विपरीत कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को पूरे दिन वीरानी देखने को मिली। इक्का दुक्का वाहन को छोड़ दे तो कार्यालय में बड़े नेता की बात तो दूर छोटे नेता भी नजर नहीं आए। प्रदेश कार्यालय में कार्य करने वाला स्टाफ भी आने वाले नतीजों से लगभग परिचित दिखाई दे रहा है इसलिए उनमें भी कोई जोश दिखाई नहीं दिया। पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता ने अंदर खाते बताया कि प्रदेश अध्यक्ष चौ अनिल कुमार ने पद संभालने के बाद बेशक मेहनत की हो।

लेकिन पार्टी के उन नेताओं को जोड़ने में नाकाम रहे जिन्होंने सालों सत्ता सुख भोगा, मलाई भी जमकर खाई। लेकिन पार्टी के बुरे दौर में या तो अन्य दलों का दामन थाम लिया या फिर चौ अनिल के साथ काम करने से पूरी तरह परहेज किया। वहीं एक अन्य वरिष्ठ नेता ने तो यहां तक कहा कि एग्जिट पोल के आंकड़े अगर सही होते है तो कांग्रेस का वजूद दिल्ली में लगभग समाप्त मानिए। बता दें कि 4 दिसंबर को निगम के 250 वार्डों के लिए मतदान हुआ था। जबकि सोमवार देर रात को विभिन्न एजेंसियों के मतगणना पूर्व आए एग्जिट पोल में कांग्रेस को चंद सीटें मिलने के बाद से ही कांग्रेसी खेमे में घोर मायूसी छाई हुई है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष चौ अनिल इन एग्जिट पोल के नतीजों पर सवाल उठा चुके है। लेकिन अब बुधवार को मतगणना के साथ ही सब कुछ साफ हो जाएगा। निगम चुनावों के नतीजों के साथ ही चौ अनिल का भी भाग्य जुड़ा है।

Tags

Next Story