Delhi में फिर निर्भया कांड जैसी वारदात, दुष्कर्म के शिकार बच्चे की 13 दिन बाद मौत

राजधानी दिल्ली (Delhi) से एक ऐसी दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जिसने फिर से निर्भया कांड (Nirbhaya rape case) की याद दिला दी है। सीलमपुर में रहने वाले एक 12 साल के नाबालिग के साथ चार नाबालिग युवकों ने अप्राकृतिक दुष्कर्म (unnatural rape) और मारपीट की। आरोपियों ने उसके प्राइवेट पार्ट (private part) में लोहे की रॉड (iron rod) भी डाल दी। सभी आरोपी पीड़ित के पड़ोस के ही रहने वाले हैं। बच्चा इस घटना से इतना घबरा गया कि उसने तीन दिन बाद घरवालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बच्चे को एलएनजेपी अस्पताल (LNJP Hospital) में भर्ती करवाया गया, जहां आज 13 दिन बाद उसकी मौत हो गई। घटना 18 सितंबर की है। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ सीलमपुर (Seelampur) थाने में केस दर्ज हुआ था। तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया था, एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। मामले में दिल्ली महिला आयोग (Delhi Commission for Women) की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) ने भी संज्ञान लिया था।
ये 12 साल का बच्चा अब हमारे बीच नहीं रहा। बच्चे ने बहुत दर्द सहा और आख़री दम तक लड़ता रहा। उसके क़ातिलों को सख़्त सज़ा होनी ही चाहिए!
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) October 1, 2022
जब हमको इतना ग़ुस्सा आ रहा है और दर्द महसूस हो रहा है, सोचें उसके माँ बाप पे क्या बीत रही होगी। भगवान उनको इस मुश्किल समय में शक्ति दे। 🙏🏽 https://t.co/vql6LwqBoU
चार पड़ोसियों ने किया दुष्कर्म, प्राइवेट पार्ट में डाली रॉड
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 18 सितंबर की है। मृतक बच्चे को पड़ोस में रहने वाले चार नाबालिग युवक खेलने के बहाने घर से बाहर ले गए। जब बच्चा वापस लौट कर आया तो वह खून से लथपथ होकर रो रहा था। मां के पूछने पर उसने बताया कि उसके साथ पड़ोस के चार युवकों ने मारपीट की है। इसके बाद बच्चे की तबियत लगातार खराब रहने लगी। तीन दिन बाद जब उसकी तबियत ज्यादा बिगड़ी तो उसने अपने साथ हुई सारी घटना परिवार वालों को बताई। उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाले चार युवकों ने उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया है। जिसके बाद परिवार ने बच्चे को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया।
शुरुआत में घटना छुपाता रहा परिवार, काउंसलिंग के बाद बताया सच
अस्पताल से ही पुलिस को बच्चे के साथ दुष्कर्म की जानकारी मिली। पुलिस ने जब बच्चे के माता-पिता से पूछताछ की तो उन्होंने कोई भी बयान देने से मना कर दिया। इसके बाद जांच अधिकारी नियमित रूप से बच्चे के मां-बाप के संपर्क में रहे। इसके बाद पुलिस ने 'सखी' से काउंसलर की व्यवस्था कर मां-बाप की काउंसलिंग करवाई। काउंसलिंग के दौरान ही मां ने बच्चे के साथ हुई सारी घटना का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पॉस्को एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। सभी आरोपी पीड़ित के घर के आसपास सीलमपुर के ही रहने वाले हैं। आरोपियों में एक पीड़ित बच्चे का चचेरा भाई भी बताया जा रहा है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने भी मामले का संज्ञान लिया। इसी के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अब भी पुलिस के शिकंजे से बाहर है। सभी आरोपी एक ही समुदाय के हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS