Ghaziabad: कल्याण सिंह की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव, अस्पताल से मिली छुट्टी

Ghaziabad: कल्याण सिंह की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव, अस्पताल से मिली छुट्टी
X
वायरस से संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कल्याण सिंह को 16 सितंबर को गाजियाबाद के यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह की कोरोना रिपोर्ट आने के बाद उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टर ने जानकारी दी कि कल्याण सिंह अब स्वस्थ है इसलिए अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है। आपको बता दें वायरस से संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कल्याण सिंह को 16 सितंबर को गाजियाबाद के यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान से यहां कौशाम्बी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ अनुज अग्रवाल ने बताया कि भाजपा नेता की रिपोर्ट शनिवार को निगेटिव आयी। कल्याण सिंह मधुमेह, उच्च रक्तचाप, पार्किंसन, गुर्दे और हृदय संबंधित बीमारियों से भी पीड़ित हैं। कल्याण सिंह ने इलाज के लिए अस्पताल के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में बरी होने से वह खुश हैं। उनके पुत्र और एटा से सांसद राजवीर सिंह उस समय अस्पताल में मौजूद थे जब कल्याण सिंह को छुट्टी दी जा रही थी। जिले के कई भाजपा नेता उन्हें बधाई देने अस्पताल पहुंचे।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 3348 नये मामले सामने आए। वहीं 3417 लोग ठीक होकर घर चले गये। यूपी में अब कुल कोरोना के 40 हजार 19 ऐक्टिव केस हैं। यूपी में कुल रिकवरी प्रतिशत 89.37 है। यूपी में 1 लाख 72 हजार 726 सैंपल्स की जांच की गई। वहीं अब तक प्रदेश में कुल 1 करोड़ 18 लाख 98 हजार 777 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।

Tags

Next Story