करोड़ों का सोना नक्सल प्रभावित झारखंड में मिला

नई दिल्ली। कोतवाली पुलिस ने चांदनी चौक के कूचा महाजनी के जूलर का एक करोड़ कीमत का 1 किलो 890 ग्राम सोना झारखंड से बरामद कर लिया है। जिस एरिया से यह बरामदगी हुई वह नक्सल प्रभावित बताया जाता है। इस सिलसिले में छोटू रजक (24) नामक शख्स को पकड़ा गया है। इस सोने को एक दूसरी जूलरी फर्म का कर्मचारी लेकर फरार हुआ था। पकड़ा गया शख्स जूलरी लेकर फरार होने वाले आरोपी कर्मचारी अनिल का जीजा है। मुख्य आरोपी अनिल व उसका दोस्त दीपक अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 11 नवंबर को सामने आई थी। एएसआई शिशुभान जांच के लिये मौके पर पहुंचे थे। कॉलर मनोज जायसवाल ने बताया कि दूसरी फर्म का कर्मचारी करीब ढाई किलो सोने पर हाथ साफ कर फरार है। उन्होंने आगे विस्तार से बताया कि उनके कर्मचारी विशाल अग्रवाल ने दूसरी फर्म के अनिल कुमार को शाम करीब साढ़े पांच बजे दो जूलरी बॉक्स दिये थे। यह जूलरी बॉक्स आगे पदमावत ज्वैलर्स के अखिल जैन के पास जाने थे। अनिल जैन का कर्मचारी था। करीब एक घंटे बाद विशाल अग्रवाल ने अखिल जैन को फोन कर बॉक्स वापस भेजने के लिये कहा।
लेकिन अखिल जैन ने कहा कि उसे कोई बॉक्स नहीं मिले हैं और ना ही उसने अनिल को कोई बॉक्स लाने उनके पास भेजा था। इसके बाद अनिल की तलाश की गई लेकिन वह फरार हो चुका था। इसके बाद एक टीम बिहार भेजी गई। बाद में पुलिस कड़ियां जोड़ते हुये झारखंड से अनिल के जीजा छोटू रजक के घर पहुंची और जूलरी बरामद की गई। अनिल ने जीजा को जूलरी ठिकाने लगाने के लिये दी थी। अनिल वहां अपने दोस्त दीपक के साथ पहुंचा था। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिल और उसके दोस्त दीपक की तलाश में जुटी है.
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS