गाजियाबाद में बदमाशों ने पत्रकार को गोली मारी, नौ लोगों को किया गिरफ्तार

गाजियाबाद में एक पत्रकार को कुछ हमलावरों ने गोली मार दी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय अखबार में काम करने वाले विक्रम जोशी ने अपनी भांजी का उत्पीड़न करने के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ 16 जुलाई को विजय नगर पुलिस चौकी में एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद यह हमला हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने कहा कि प्राथमिकी में नामज़द दो व्यक्तियों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि स्थानीय पुलिस चौकी के प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। नैथानी ने कहा कि जोशी के भाई अनिकेत जोशी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे जोशी अपनी दो बेटियों के साथ बाइक से विजय नगर स्थित घर लौट रहे थे, रास्ते में आधा दर्जन से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने बताया कि एक आरोपी ने पत्रकार के सिर में गोली मार दी और मौके से भाग गए। जोशी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में तीन संदिग्धों-छोटू, आकाश बिहारी और रवि का नाम है। इसके अलावा प्राथमिकी में कुछ अज्ञात लोगों का भी जिक्र है। छोटू और रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि आकाश को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। मामले पर पुलिस की छह टीमें काम कर रही हैं। नैथानी ने बताया कि पुलिस मामले के सबूतों के आधार पर मोहित, दलबीर, आकाश, योगेंद्र, अभिषेक और शाकिर को गिरफ्तार कर चुकी है।
परिवार ने आरोप लगाया कि विजय नगर पुलिस चौकी में दर्ज अपनी शिकायत में जोशी ने छोटू, रवि और आकाश का नाम लिया था। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के मुताबिक, पत्रकार को आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी।
जंगलराज राज में कोई भी सुरक्षित नहीं: प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गाजियाबाद में एक पत्रकार को गोली मारे जाने की घटना को लेकर मंगलवार को योगी सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि इस 'जंगलराज' में कोई आम व्यक्ति कैसे सुरक्षित महसूस करेगा। उन्होंने ट्वीट किया कि गाजियाबाद एनसीआर में है। यहां कानून-व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS