Mausam Ki Jankari: दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंड का कहर, मौसम विभाग ने इन राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट किया जारी

देश के उत्तर हिस्से में ठंड का प्रकोप जारी है। तो वहीं दक्षिणी हिस्सों में जोरदार बारिश की संभावना बनी हुई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के मैदानी व पर्वतीय इलाकों में सर्दी का कहर बढ़ गया है। ठंडी हवाएं चलने में कमी आने और मौसम में ठंडक बढ़ने के कारण दिल्ली के प्रदूषण की धुंध की चादर में लिपटने के आसार बन गए हैं। उधर, मौसम विभाग ने निवार चक्रवात से हुये तबाही के बाद एक बार फिर से दक्षिणी राज्यों में एक तारीख से दोबारा भारी बारिश शुरू होने का आशंक जताई है। घाटी में जोरदार ठंड पड़ने लगी है और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने केंद्रशासित प्रदेश के लिए चार दिसंबर तक शुष्क मौसम बने रहने का आशंका जताई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे से मौसम शुष्क बना हुआ है और यहां पारा एक या दो डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा और वहां पारा शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जबकि मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में कई जगह भारी बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। आपको बता दें कि आंध्रप्रदेश के चित्तूर और कडपा जिलों में चक्रवात 'निवार' की वजह से हुई भारी बारिश और इस वजह से आई बाढ़ के कारण पिछले तीन दिनों में आठ लोगों की मौत हो गई है।
राज्य सरकार ने शनिवार को बताया कि चित्तूर जिले में छह और कडपा जिले में दो लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने मृतकों के निकटतम परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से के केरल के पथनमथिट्टा और इडुक्की जिलों में एक दिसंबर के लिए व तिरुवनंतपुरम और कोल्लम जिलों में दो दिसंबर के लिए 'ऑरेंज' चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और कोट्टायम जिलों में मंगलवार के लिए तथा पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम और इडुक्की जिलों में बुधवार के लिए 'येलो' चेतावनी जारी की है।
आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को तेज हवाओं के चलने और पराली जलाने के मामले घटने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में आसमान साफ दिखा था। लेकिन शनिवार को हवा का स्वाद दोबारा बिगड़ गया। शनिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 231 अंक के साथ दोबारा खराब की श्रेणी में पहुंच गया, लेकिन सरकारी विशेषज्ञों ने अगले दो दिन में इसके बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान जताया है। हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से कुछ अधिक रहा।
राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में भी मौसम शुष्क बना रहा और दूरदराज के क्षेत्रों में आंशिक से मध्यम स्तर पर कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने और इसके 48 घंटे में गहरे दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने तथा तमिलनाडु तट की तरफ बढ़ने के आसार हैं। इससे दक्षिणी राज्यों में एक दिसंबर से भारी बारिश की आशंका है। यह दक्षिणी तमिलनाडु तट पर दो दिसंबर को पहुंच सकता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS