Mausam Ki Jankari: मानसून ने दिखाया तेवर, भारी बारिश से लगा राजधानी में लंबा जाम

राजधानी में मानसून आने के बाद से पहली बार गुरुवार को सबसे अधिक बारिश हुई। इससे शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया और यातायात भी बाधित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 99.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पालम और रिज मौसम केन्द्र में 93.6 मिमी और 84.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग वेधशाला में 68 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भारी बारिश के 15 मिमी से कम होने पर उसे हल्की, 15 से 64.5 मिमी के बीच होने पर मध्यम और 64.5 मिमी से अधिक होने पर भारी बारिश की श्रेणी में रखा जाता है। इस बीच, भारी बारिश के कारण कई प्रमुख मार्गों पर पानी भरने से यातायात धीमा पड़ गया। वहीं बारिश के कारण दिल्ली के आईटीओ पर लगा लंबा जाम।
गाड़ियों की रफ्तार पड़ी धीमी। दिल्ली यातायात पुलिस ने हाईकोर्ट के पास एक पेड़ के गिरने से वहां यातायात धीमा होने की जानकारी दी। राजा गार्डन और मायापुरी फ्लाईओवर पर भी काफी पानी भर गया है। राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के बाद अब बारिश की जो कमी थी वह पूरी होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार बुधवार शाम तक शहर में अगस्त में होने वाली बारिश की तुलना में इस साल अब तक 72 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। पिछले 10 साल में यह सबसे कम बारिश है। अभी तक दिल्ली में मानसून में 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
आईएमडी के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शहर में रात भर बारिश जारी रही और आज दिन में भी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मॉनसून की अक्षरेखा दिल्ली-एनसीआर के करीब बनी हुई है। इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती परिसंचरण है। अरब सागर से उठी दक्षिण-पूर्वी हवाओं और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं से आर्द्रता बनी है। उन्होंने बताया कि अगले दो-तीन दिनों तक हल्की बारिश जारी रहेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS