दिल्ली में लोगों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ, महिलाओं ने पीरियड्स संबंधी दिक्कतों को बताया

दिल्ली में लोगों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ, महिलाओं ने पीरियड्स संबंधी दिक्कतों को बताया
X
नेहरू युवा केंद्र मध्य दिल्ली एवं प्रतिष्ठा युवा संगठन ने मध्य दिल्ली स्थित एक स्लम में लोगों को कोरोना वायरस, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा यहां जल शपथ भी दिलवाई गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के बीच सेनेटरी पैड भी बांटे गये।

मध्य दिल्ली के यमुना बाजार स्थित एक स्लम में नेहरू युवा केन्द्र मध्य दिल्ली एवं प्रतिष्ठा युवा संगठन द्वारा एक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को महात्मा गांधी युवा स्वच्छता, जल शक्ति, कोविड 19 के अंतर्गत, स्वास्थ्य, स्वच्छता को लेकर सचेत रहने की शपथ दिलवाई गई। जिला युवा अधिकारी राजेश कुमार जादौन द्वारा इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की गई। वहीं प्रतिष्ठा युवा संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष व समाज सेवी मोहित कुमार भारतीय ने कार्यक्रम का संचालन किया।

संगठन के सदस्यों ने कार्यक्रम के दौरान मौजूद महिलाओं व युवतियों को बताया कि प्रतिष्ठा कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के साथ मिलकर स्वास्थ्य व स्वच्छता के अंतर्गत जन अभियान चलाना हैं। जिससे कि स्लम व गांवों में रहने वाली महिलाओं का सशक्तिकरण हो सके। उन्होंने कहा कि महिलायें सिर्फ आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी वे सशक्त हों। साथ ही महिलायें अपने स्वास्थ्य की उचित देखभाल कर सकें। उन्होंने बताया कि नेहरू युवा केन्द्र मध्य दिल्ली ने महात्मा गांधी युवा स्वच्छता, जल शक्ति अभियान व कोविड 19 के साथ जोड़ कर यह अभियान शुरू किया है। वहीं इस दिशा में संगठन ने कदम उठाते हुये महिलाओं व किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी दी। इसके अलावा महिलाओं व किशोरियों के बीच 40 से अधिक सेनेटरी पैड व मास्क भी वितरित किए गये। जिससे कि इन आवश्यक चीजें के उपयोग करने की दिशा में सार्थक पहल हो सके। राजेश जादौन ने बताया कि स्वास्थ्य व स्वच्छता अभियान के कई कार्यक्रम मध्य दिल्ली में चलाये गए। लेकिन स्वच्छता अभियान में स्वास्थ्य को शामिल करते हुए सेनेटरी पैड व मास्क वितरण करना एक अलग पहल है।

वहीं नेहा शर्मा व अंजू ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं लड़कियों को पीरियड्स के प्रति जागरूक करने व इस दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना, साफ पैड एवं कपड़े इस्तेमाल करना और पीरियड्स को लेकर समाज में बैठी हुई रूढ़िगत विचारधाराओं को समाप्त करने को लेकर भी पहल की जा रही है। वो सराहनीय है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने हेतु प्रतिष्ठा कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया जा रहा है। कुछ महिलाओं ने बताया कि हम जब दुकान पर सेनेटरी पैड लेने जाते हैं और पुरुष खड़े होते हैं तो हम बिना कुछ बोले ही वापस आ जाती थी। लेकिन आप ने जिस तरह हमको व अन्य युवतियों को यही यह पैड उपलब्ध करवा दिया, उसके लिए हम आपको धन्यवाद देती हैं। सभी को जल शक्ति अभियान के तहत जल शपथ भी दिलाई गई। वहीं अंजू यूथ क्लब को स्वच्छता अभियान के तहत डस्टबिन वितरित किया गया। कार्यक्रम में सहयोग अंकित कुमार, भावना अवस्थी, रोजी के साथ स्थानीय लोगों का रहा।

Tags

Next Story